राजमिस्त्री हत्याकांड के मुख्य आरोपी की गिरफ्तारी नहीं, अनिश्चितकालीन आंदोलन स्थल पहुंचे टीएस और अमरजीत
अंबिकापुर। सरगुजा जिला के सीतापुर थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम बेलजोरा निवासी राजमिस्त्री संदीप लकड़ा की नृशंस हत्या व शव दफन करने वाले मुख्य आरोपी ठेकेदार अभिषेक पांडेय की अब तक गिरफ्तारी नहीं होने से आदिवासी समाज में आक्रोश है। सीतापुर रेस्ट हाउस के सामने इनका तीन दिन से अनिश्चितकालीन आंदोलन जारी है। वहीं संदीप हत्याकांड के मुख्य आरोपी की जल्द गिरफ्तारी, परिजनों को 2 करोड़ रुपये मुआवजा सहित अन्य मांगों को लेकर पूर्व उपमुख्समंत्री टीएस सिंहदेव, पूर्व मंत्री अमरजीत भगत, जिला कांग्रेस अध्यक्ष राकेश गुप्ता, शफी अहमद सहित अन्य सीतापुर पहुंचे, जहां सर्व आदिवासी समाज का अनिश्चितकालीन धरना प्रदर्शन चल रहा है। पूर्व मंत्री भगत ने पूर्व में ही पत्रकारों से चर्चा के दौरान कांग्रेस का समर्थन देने की बात कही थी। इन्होंने समाज के लोगों से चर्चा की। इस दौरान टीएस सिंहदेव ने कहा कि सुनियोजित तरीके से घटना को अंजाम दिया गया है। पुलिस जनता के बीच अपना विश्वास खो चुकी है। हत्याकांड के बाद मुख्य आरोपी के खातों से हुए करोड़ों की लेन-देन की जांच होनी चाहिए।
विदित हो कि सीतापुर थाना क्षेत्र के आदिवासी युवक संदीप की निर्मम हत्या के बाद शव को निर्माणाधीन पानी टंकी के गड्ढे में डालकर कांक्रीट से ढलाई करने का मामला सामने आया था। इसके बाद पुलिस ने आरोपियों के निशानदेही पर जेसीबी से गड्ढा खोदवाकर मृतक के शव को बरामद किया था, जो कंकाल में तब्दील हो गया था। युवक का शव मिलने के बाद आदिवासी समाज आक्रोशित हो गया और मुख्य आरोपी के नहीं पकड़े जाने पर आंदोलन की चेतावनी दिया था। इधर हत्याकांड के आरोपियों के नहीं पकड़े जाने पर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने न सिर्फ नाराजगी जताई थी बल्कि कलेक्टर्स की एक दिन पूर्व हुई बैठक में इस हत्याकांड का खास जिक्र किया था। उन्होंने हत्या के अपराधों को जल्द से जल्द सुलझाने की बात कही थी।
थाना प्रभारी का तबादला एक एसआई लाइन हाजिर
सरगुजा एसपी योगेश पटेल ने शनिवार को 4 पुलिस कर्मियों की ट्रांसफर लिस्ट जारी की है। इसमें सीतापुर टीआई जॉन प्रदीप लकड़ा को हटाकर संभागीय साइबर सेल प्रमुख बनाया गया है। उनके स्थान पर साइबर सेल प्रभारी मोरध्वज देशमुख को सीतापुर थाना का प्रभार दिया गया है। सीतापुर थाने में पदस्थ एक और एसआई शिवचरण साहू को हटाकर लाइन अटैच किया गया है, वहीं लखनपुर में पदस्थ एएसआई अरुण गुप्ता का तबादला सीतापुर थाने में किया है।
नहीं हुआ है अंतिम संस्कार, बुलडोजर चलाने पर लगी रोक
मृतक संदीप का शव बरामद होने के बाद स्वजन अभी तक उसका अंतिम संस्कार नहीं किए हैं। मृतक का शव मेडिकल कॉलेज अस्पताल के चीरघर में पड़ा है। आरोपी की गिरफ्तारी नहीं होने से मृतक के स्वजन क्षुब्ध हैं। पुलिस के द्वारा पूर्व में बरती गई लापरवाही को लेकर भी इनमें आक्रोश है। इधर मामले में फरार मुख्य आरोपी के घर में बुलडोजर चलाने की कार्रवाई करने पर उच्च न्यायालय की ओर से रोक लगा दी गई है।

Categorized in: