एक करोड़ के जेवरात की चोरी मामले में आरोपियों की गिरफ्तार नहीं होने से आक्रोश  

एएसपी ने मांगा एक सप्ताह का समय, उग्र आंदोलन करने की दी चेतावनी

सीतापुर। एक करोड़ रुपये के सोने-चांदी के जेवरात की दिन-दहाड़े उठाईगिरी की घटना के आरोपी का पता आज पर्यंत नहीं चल पाया है। ऐसे में व्यापारियों का गुस्सा शुक्रवार को सड़क पर फूट पड़ा। व्यापारियों ने घटना के विरोध में नगर बंद का आह्वान किया। सुबह 11 बजे से शाम 4 बजे तक करीब 5 घंटे शहर की सभी दुकानें बंद रहीं और मुख्य मार्ग कारगिल चौक पर चक्काजाम करके जमकर प्रदर्शन किया। व्यापारी संघ के नेतृत्व में हुए इस प्रदर्शन में बड़ी संख्या में व्यापारी, सामाजिक संगठन और नगरवासी शामिल हुए।

प्रदर्शनकारियों ने हाथों में तख्तियां लेकर पुलिस प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की और आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तार करने तथा चोरी गए जेवरात की बरामदगी की मांग की। व्यापारियों का कहना था कि दिन-दहाड़े इतनी बड़ी वारदात ने पूरे नगर की कानून-व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। इन्होंने कहा, पूरी घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। इसके बाद से एक करोड़ के जेवरात को लेकर गायब हुआ आरोपी पुलिस के हाथ नहीं लग पाया है।

एएसपी ने मांगा एक सप्ताह का समय

चक्काजाम की सूचना मिलते ही अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अमोलक सिंह मौके पर पहुंचे। उन्होंने व्यापारी प्रतिनिधियों से घंटों चर्चा की। एएसपी ने व्यापारियों को आश्वासन दिया कि पुलिस मामले को गंभीरता से ली है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष टीम बनाई गई है। उन्होंने खुलासे के लिए एक सप्ताह का समय मांगा। इनके आश्वासन के बाद व्यापारियों ने चक्काजाम समाप्त किया।

उग्र आंदोलन करने की चेतावनी

व्यापारी संघ ने साफ चेतावनी दी कि यदि एक सप्ताह के भीतर मामले का खुलासा नहीं हुआ और आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं हुई तो वे फिर से उग्र आंदोलन करेंगे। उन्होंने नगर में व्यापारियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने और अपराधियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की।

मार्ग में दोनों ओर लगी लंबी कतार

चक्काजाम के दौरान एम्बुलेंस और स्कूली वाहनों को छोड़कर सभी प्रकार की वाहनों का आना-जाना पूर्णत: बाधित रहा। मार्ग के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए भारी संख्या में पुलिस बल और प्रशासनिक अधिकारी तैनात रहे।

Categorized in: