अंबिकापुर। चोरी की बढ़ती घटनाओं के बीच चोरों के हौसले परवान पर है। सोमवार को भरी दुपहरी में चोरों ने एक ही परिसर में स्थित तीन घरों का ताला तोड़ दिया और करीब 20 हजार रुपये की चोरी कर ली।
जानकारी के अनुसार रामानुजगंज निवासी विनोद गुप्ता का देवीगंज मार्ग अंबिकापुर से लगे महाराजा गली के सामने गली में मकान है। उक्त मकान में सामने दो दुकानें व पीछे तीन अलग-अलग कमरे हैं। तीनों कमरों में नागपुर कोरिया निवासी बालकुमारी, कुसमी निवासी सोनी सोनवानी व दरिमा निवासी शिवांगी अलग-अलग रहती हैं और दुकानों में काम करती हैं। रोजाना की भांति सोमवार को तीनों युवतियां सुबह काम पर चली गई थी, दोपहर में जब बालकुमारी खाना खाने के लिए घर आई तो उसके कमरे के बाहर लगा हुआ ताला टूटा था और कमरे का सामान बिखरा हुआ था। कमरे में रखा नकदी पैसा गायब था। इसकी जानकारी जब वह परिसर में ही रहने वाली अन्य लड़कियों को फोन करके दी और उनके कमरों को देखा तो उसका भी ताला टूटा था और सामान बिखरा हुआ था। इसकी खबर मिलने पर सोनी और शिवांगी भी किराए के कमरे में पहुंचे तो पूरा सामान अस्त-व्यस्त था घर में रखा नकदी गायब था। मकान मालिक को घटना से अवगत कराने के बाद इसकी जानकारी डॉयल 112 को दी गई। सूचना पर डॉयल 112 की टीम मौके पर पहुंची और घर का निरीक्षण किया। कमरे के बाहर एक फिट से अधिक मोटा लोहे का छड़ मिला, जो चोर साथ लेकर आया था और ताला तोड़कर चोरी करने के बाद छड़ को वहीं छोड़कर भाग गया। चोर ने अंदर प्रवेश करने के लिए छत का सहारा लिया था। ऊपर छत की सीढ़ी के बगल में ईंट जमा करके बीच में जगह छोड़ा गया था, ताकि भविष्य में सीढ़ी बढ़ाने पर तोड़फोड़ न करना पड़े। इसी से एक ईंटा गिराकर अंदर प्रवेश करने और जाते समय सीढ़ी के दरवाजे को बाहर से बंद कर देने की संभावना बनी हुई है। युवतियों के घर से करीब 20 हजार रूपये चोरी होने का अनुमान है। मामले की शिकायत कोतवाली थाना में की गई है। शहर के भीड़भाड़ वाले स्थान में दिन-दहाड़े घरों का ताला तोड़कर चोरी की घटना से मोहल्लेवासी अपने घरों की सुरक्षा को लेकर चिंतिंत हैं।

क्लीनिक से कंप्यूटर सेट सहित अन्य सामानों की चोरी, सीसीटीव्ही में कैद हुआ चोर
जायसवाल चित्र मंदिर गली में स्थित चिकित्सक के क्लीनिक का दरवाजा तोड़कर कंप्यूटर, प्रिंटर सहित अन्य सामान चोरी होने का मामला प्रकाश में आया है। घटना की जानकारी मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और सीसीटीव्ही को खंगाला है। चोरी गए सामानों की कीमत लगभग 60-70 हजार रुपये बताई जा रही है।
जानकारी के मुताबिक कोतवाली थाना क्षेत्र अंतर्गत देवीगंज रोड में स्थित चित्र मंदिर गली में डॉ. राहुल गुप्ता का क्लीनिक है। शनिवार की शाम को वे रोजाना की भांति क्लीनिक बंद करके कुछ दूरी पर स्थित घर चले गए थे। रविवार को क्लीनिक बंद था। सोमवार को सुबह लगभग 11.20 बजे घर पहुंचे तो गेट के अंदर पहुंचे और ताला खोलने के लिए हुए, तो कुंडी उखड़ा हुआ मिला। अंदर जाने पर कंप्यूटर, प्रिंटर, सीपीयू, मॉनीटर, पुराना मोबाइल फोन, केबल, नए तार का बंडल सहित अन्य छिटपुट सामान गायब था। पुलिस ने मौके का निरीक्षण करने के बाद सीसीटीव्ही का फुटेज हासिल किया है, जिसमें एक युवक रविवार की रात 11.58 बजे कैंपस में प्रवेश किया, और 12.03 में दो पल्ला के लकड़ी दरवाजा को जोर से लात मारते नजर आ रहा है, जिससे दरवाजे का कुंडी उखड़ गया, इसके बाद चोर कंप्यूटर सहित अन्य सामानों को बटोरकर निकल लिया। चोर ने अंदर के दरवाजे का ताला तोड़ने का प्रयास किया, लेकिन असफल रहा। चिकित्सक ने बताया कि अगर अंदर के दरवाजे का ताला तोड़ने में चोर सफल हो जाता, तो उन्हें काफी नुकसान पहुंचता। सीसीटीव्ही में कैद फुटेज के आधार पर पुलिस चोर के तलाश में जुट गई है।

 

Categorized in: