गोरखपुर। देश की सुरक्षा के लिए तैनात अग्निवीरों को चार साल बाद भी रोजगार का सुनहरा अवसर मिलने वाला है। एडीजी रिक्रूटिंग यूपी/उत्तराखंड मेजर जनरल मनोज तिवारी ने बताया कि अग्निवीरों को आगे भी सेना के साथ ही सरकारी व गैर सरकारी संस्था में नौकरी करने का मौका मिलेगा।

गोरखपुर में प्रदेश के सबसे बड़ी अग्निवीर भर्ती रैली हो रही है। प्रक्रिया पूरी होने के बाद परिणाम घोषित होगा। एमएमयूटी में चल रही भर्ती रैली का निरीक्षण करने के बाद मेजर जनरल मनोज तिवारी ने पत्रकारों से बातचीत की।कुल 11 भर्ती रैली हुई हैं

सवालों का जवाब देते हुए मेजर जनरल मनोज तिवारी ने कहा कि अग्निवीरों की कुल 11 भर्ती रैली हुई है। जिसमें छह उत्तर प्रदेश में हो चुकी है। गोरखपुर में यूपी की सबसे बड़ी भर्ती रैली हो रही है जिसमें लिखित परीक्षा पास करने वाले 12 जिलों के करीब 13500 अभ्यर्थी शामिल हो रहे हैं।

ऐसे होंगे आखिरी के चरण

दूसरे चरण में शारीरिक दक्षता और तीसरे चरण में मेडिकल होगा। सभी चरणों में अभ्यर्थी को मिलने वाला अंक उसके नाम के आगे अंकित किया जा रहा है। अंतिम परिणाम इसी के आधार पर घोषित होगा। चयनित लोग छह माह की साधारण व तीन माह की टेक्निकल ट्रेनिंग पूरी करने के बाद सेना के अलग-अलग सेंटर में चार साल ड्यूटी करेंगे।

50 प्रतिशत करने पर चल रहा विचार

बेहतर सेवा और प्रदर्शन करने वाले 25 प्रतिशत अग्निवीरों को सेना में आगे भी नौकरी का अवसर मिलेगा। इस आंकड़े को 50 प्रतिशत करने पर विचार चल रहा है।

अभ्यर्थियों की सुविधा का रखा जा रहा ध्यान

डायरेक्टर रिक्रूटिंग वाराणसी कर्नल ऋषि दूबे ने कहा कि भर्ती रैली में आए अभ्यर्थी की सुविधा का पूरा ध्यान रखा जा रहा है। रात में प्रवेश लेने के बाद इनके रहने की सुचारू व्यवस्था की गई है। शारीरिक दक्षता परीक्षा से पहले वार्मअप का पूरा समय दिया जा रहा है। परफार्मेंस के आधार पर इन्हें दो ग्रुप में रखा जा रहा है।

Categorized in: