चोरी के पहले आसपास के घरों का बाहर से सांकल चढ़ाया
अंबिकापुर। सूने मकान का ताला तोडक़र चोरों ने नगदी सहित लगभग सात लाख रुपये के जेवरातों पर हाथ साफ कर दिया। घटना की सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस जांच में जुट गई है।
जानकारी के मुताबिक कोतवाली थाना क्षेत्र के मायापुर, घुटरापारा में पानी टंकी के पास रहने वाले मोहम्मद रिंकू खान चश्मा बनाने का काम करते हैं। बीते शनिवार को वे अपनी पत्नी का इलाज कराने के लिए गढ़वा गए थे, जो आज दिनांक तक घर वापस नहीं लौटे हैं। गुरूवार को बगल में रहने वाले भाई व पास-पड़ोस के लोगों ने घर का दरवाजा खुला देखा तो वे सोचे कि दंपती गढ़वा से वापस आ गए होंगे। रिंकू को आवाज लगाते वे अंदर घुसे तो किसी प्रकार की प्रतिक्रिया सामने नहीं आई। भाई ने फोन करके जब रिंकू से बात किया तो पता चला कि वे रास्ते में हैं, वापस नहीं लौटे हैं। घर का दरवाजा खुला होने की जानकारी देते हुए जब वे अंदर गए तो बाहर से लेकर अंदर तक के दरवाजे का ताला टूटा था और पूरा सामान बिखरा था। एक अलमारी का चाभी चोरों को पलंग के दराज में मिल गया था, वहीं दो अलमारियों का ताला चोरों ने बलपूर्वक तोड़ा था। अंदर रखे जेवरात और गुल्लक में रखा 12-13 हजार रुपये गायब था। चोरी के पूर्व आरोपियों ने आमने-सामने के घरों का सिकड़ी लगा दिया था, ताकि कोई बाहर न निकलने पाए। घटना की सूचना मिलने पर मौके पर पुलिस, फारेंसिक टीम, डॉग स्क्वाड पहुंच कर घंटों जांच की। जांच के दौरान घर के पास स्थित तालाब में खाली गुल्लक मिला। पुलिस ने आसपास के सीसीटीवी को खंगाला तो उसमें कुछ संदिग्ध नजर आ रहे हैं। बहरहाल घर मालिक के आने के बाद ही पता चल पाएगा कि वास्तव में नगदी, जेवरात के अलावा और किन सामानों को चोर ले गए हैं।

Categorized in: