बिश्रामपुर। यात्री बस में एक युवती से छेड़छाड़ कर उसका मोबाइल नंबर मांगे जाने से नाराज आधा दर्जन युवकों ने बिश्रामपुर बस स्टैंड में परिचालक से मारपीट कर बस में तोड़फोड़ कर दी है। गौरतलब है कि बुधवार की शाम मनेंद्रगढ़ से बनारस के लिए जा रही सिंह बस सीजी 15 डीयू 9618 जैसे ही बिश्रामपुर बस स्टैंड पहुंची। इसी दौरान अचानक बस के सामने आए आधा दर्जन युवकों ने बस में तोड़फोड़ करते हुए परिचालक की पिटाई कर दी है, जिससे उसे सिर व शरीर के अन्य हिस्सों में चोटें आई है। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि मौके पर उत्पात मचा रहे युवक बस के परिचालक को खोजते हुए पहुंचे थे। युवकों का आरोप था कि बस में बिश्रामपुर की एक युवती से छेड़खानी करते हुए उसका मोबाइल नंबर मांग रहा था। ऐसी ही घटना परिचालक ने पहले भी एक दो बार युवती के साथ किया था। जिससे नाराज होकर स्थानीय युवकों ने बस के परिचालक गिल्लू की पिटाई कर दिया, इससे भी युवकों का मन नहीं भरा तो बस के सामने के हिस्से का कांच तोड़ दिया। घटना के बाद भयवश परिचालक मौके से भाग निकला। कुछ देर बाद पुलिस आई और मामले की जानकारी ली। घटना से बस में सवार यात्री कुछ देर के लिए सहम गए, बाद में पुलिस के आने के बाद बस को बनारस के लिए रवाना किया गया। पुलिस अज्ञात युवकों की तलाश में जुट गई है। बताया जा रहा है कि बिश्रामपुर की युवती रोजाना उक्त बस में ही मनेंद्रगढ़ से बिश्रामपुर आना जाना करती है, जिससे परिचालक का हौसला बढ़ गया था।

Categorized in: