अंबिकापुर। सरगुजा जिले के गांधीनगर थाना प्रभारी पर एक महिला ने गाली-गलौज, धमकी देने और परिजनों को फर्जी मामलों में फंसाने का गंभीर आरोप लगाया है। पीड़िता गायत्री राजवाड़े ने इस संबंध में पुलिस महानिरीक्षक अंबिकापुर को लिखित शिकायत पत्र सौंपा है और कार्रवाई की मांग की है।
शिकायत के अनुसार, 25 दिसंबर 2025 को शाम करीब 4 बजे गायत्री राजवाड़े अपने घर के दरवाजे पर अपनी बेटी और सास के साथ बैठी थीं। इसी बीच थाना प्रभारी प्रदीप जायसवाल अन्य पुलिस कर्मियों के साथ पड़ोस में पहुंचे और किसी घटना के संबंध में जानकारी लेने लगे। पीड़िता का कहना है कि उन्हें किसी भी प्रकार की घटना की जानकारी नहीं थी, जिस कारण उन्होंने कुछ भी पता नहीं होने की बात कही। आरोप है कि इस पर थाना प्रभारी अश्लील गालियां देते हुए थाने में बंद कर देने और फर्जी केस में फंसाने की धमकी देने लगे। पीड़िता ने यह भी आरोप लगाया कि उनके बड़े ससुर मोहन राजवाड़े और जेठ रतन राजवाड़े के खिलाफ झूठे गवाहों के आधार पर पांच गंभीर धाराओं में मामला दर्ज किया गया है। गायत्री राजवाड़े ने बताया है कि थाना प्रभारी के इस व्यवहार और झूठे मामलों के कारण पूरा परिवार मानसिक रूप से बेहद परेशान और भयभीत है। उन्होंने उच्च अधिकारियों से निष्पक्ष जांच कर दोषी अधिकारी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।

Categorized in: