हत्या के बाद ससुराल से भागी आरोपिया को बैकुंठपुर में पकड़ाई

भैयाथान। झिलमिली थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम डालाबहरा में बुधवार की सुबह पत्नी ने कुल्हाड़ी से वार कर पति को मौत के घाट उतार दिया। मृतक के पिता की सूचना पर पुलिस ने घटना के चार घण्टे के अंदर आरोपिया को बैकुंठपुर से गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।

मृतक के पिता विश्वनाथ बसोर ने थाना में रिपोर्ट दर्ज कराया है कि उसके पुत्र विवेक बसोर 19 वर्ष को देर रात लगभग 4 बजे गर्दन में धारदार हथियार से वॉर करके उसकी पत्नी हत्या कर दी। पिता की रिपोर्ट पर पुलिस ने धारा 302 के तहत मामला दर्ज कर लिया है। बताया जा रहा है कि मृतक विवेक मनेन्द्रगढ़ थाना क्षेत्र के ग्राम लालपुर की सोनबाई पिता भवन प्रसाद से लव मैरिज किया था। दोनों पति-पत्नी के रूप में एक साथ रहते थे। रोज की तरह बीती रात खाना खाने के बाद दोनों अपने कमरे में सोने चले गए। अलसुबह लगभग 4 बजे मृतक के कमरे से आवाज आने पर स्वजन इनके कमरे की ओर जा रहे थे, इसी दौरान उसकी पत्नी कमरे से दौड़ती हुई घर से निकल कर भाग रही थी। स्वजनों के बाहर निकलते ही अंधेरा का फायदा उठाकर वह भाग गई। जब वे कमरे में पहुंचे तो बिस्तर में खून से लथपथ विवेक का शव पड़ा था। स्वजन उसे तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भैयाथान ले गए, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना पर पुलिस मौका जांच की और आरोपिया को पकड़ने अलग-अलग टीम कोरिया जिले के लिए रवाना हुई। इसी दौरान पुलिस टीम ने बैकुंठपुर में एक महिला को नंगे पांव पैदल बस स्टैंड की ओर जाते देखा। बारीकी से पूछताछ करने पर उसने पति की हत्या करना कबूल किया। आरोपिया के निशानदेही पर पुलिस ने घटना में प्रयुक्त कुल्हाड़ी जप्त कर उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। कार्रवाई में थाना प्रभारी फर्दीनन्द कुजूर, प्रधान आरक्षक हेमंत सोनवानी, अलबिनुस तिर्की, आरक्षक चन्द्रदेव मरावी, राकेश सिंह, अमिताभ रावत, महिला आरक्षक अंजिता तिर्की सक्रिय रहे।

मृतक किसी और से प्रेम संबंध को लेकर करता था संदेह, इसलिए की हत्या
थाना में पूछताछ के दौरान आरोपिया ने बताया कि वह लगभग एक वर्ष पूर्व से विवेक को जानती थी, दोनों एक-दूसरे से प्रेम करते थे। दिसंबर 2023 को मंदिर में दोनों ने शादी की थी और एक साथ रहते थे। दो-तीन माह से मृतक किसी दूसरे से प्रेम संबंध की बात कहकर उसे शंका-संदेह की नजर से देखता था। इसी बात को लेकर बीती रात झगड़ा विवाद करके उसका पति अपने बेड में सो गया। अलसुबह लगभग 4 बजे आरोपी महिला सोनबाई कमरे में पड़े कुल्हाड़ी से अपने पति के गर्दन में वार कर दी। मृतक उठने का प्रयास किया, तो पुन: बिस्तर में ढकेल दी और  दौड़ते हुए घर से निकलकर अपने मायके जाने के लिए निकल गई। आरोपिया बैकुंठपुर पहुची ही थी और पुलिस टीम ने उसे पकड़ लिया।

Categorized in: