अंबिकापुर। पत्नी से राह चलते विवाद कर रहे पति के द्वारा की गई खींचातानी मेें बेहोश हुई मासूम बच्ची की मौत हो गई। घटना बलरामपुर जिला के त्रिकुण्डा थाना अंतर्गत की है। पुलिस ने बच्ची के शव को पोस्टमार्टम के बाद स्वजन को सौंप दिया है। मामले में केस दर्ज करके पुलिस अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की है।

त्रिकुण्डा थाना क्षेत्र के ग्राम नवाडीह की सकुन्ती मुरूम ने पुलिस को बताया है कि वह वर्तमान में कृष्णनगर धमनी में अपने परिवार के साथ रहकर घर गृहस्थी का काम करती है। 15 जून को दिन में लगभग 9-10 बजे वह शनिचरा गोंड़ के घर के पास अपनी बेटी मनिषा मुरूम, पति कोमल मुरूम, रजिंदर सदोम व मां बसंती सदोम के साथ बैठी थी। यहां से बेटी व पति के साथ घर जाते समय उसका पति कोमल मुरूम आपसी बात को लेकर उसके साथ लड़ाई-झगड़ा और वाद-विवाद करने लगा। पिता के आवेश को देखकर बेटी मनीषा मुरूम अपनी मां से लिपट गई। इस दौरान उसका पति कोमल मुरूम अचानक बेटी मनीषा मुरूम के दोनों हाथ को पकड़कर खींचातानी करने लगा, जिस कारण बच्ची जोर-जोर से रोने लगी, इसके बाद भी वह उसे नहीं छोड़ा। यह देखकर रजिन्दर और बसंती मनीषा को अपने घर ले गए, यहां आने के साथ वह बेहोश हो गई। इसके बाद बच्ची को लेकर अपने पति कोमल मुरूम, रजिन्दर व मां बसंती के साथ वह गांव के बैद्य जगरनाथ के घर लेकर गए थे। बच्ची को देखने के बाद जगरनाथ ने उसे डॉक्टर को दिखाने के लिए कहा था। बेहोशी की हालत में बच्ची को वे अपने घर ले गए, यहां 16 जून को दोपहर 12 बजे बच्ची की मौत हो गई। बच्ची की मां ने पति कोमल मुरूम के द्वारा दोनो हाथ को पकड़कर खींचने से उसके नाजुक शरीर में अंदरूनी चोट पहुंचने की संभावना जताते हुए घटना से पुलिस को अवगत कराया है, जिस पर केस दर्ज करके पुलिस अग्रिम जांच कार्रवाई कर रही है।

Categorized in: