मकान का ताला तोड़कर 80 हजार नकद, बुलेट मोटरसायकल सहित 4 लाख का जेवरात चोरी
अंबिकापुर। शहर में चोरों के हौसले बुलंद हंै। कई मामलों में सीसीटीवी फुटेज मिलने के बाद भी पुलिस चोरों तक नहीं पहुंच पा रही है, जिस कारण चोरी की घटनाओं में तेजी आई है। हाल में मणिपुर थाना क्षेत्र के गौरव पथ बाबूपारा स्थित एक सूने मकान में दबिश देकर चोरों ने 80 हजार रुपये नकद, बुलेट मोटरसायकल सहित करीब 4 लाख रुपये का जेवरात पार कर दिया।
जानकारी के मुताबिक बाबूपारा गौरवपथ रोड में राजमोहिनी देवी कन्या स्नातकोत्तर महाविद्यालय के समीप, संजीवनी अस्पताल के सामने शांता गढ़ावा पति अशोक गढ़ावा 42 वर्ष परिवार के साथ रहती हैं, जो कप-प्लेट बेचने का काम करते हैं। 14 जून को रात लगभग 10 बजे वे बुलेट मोटरसायकल क्रमांक सीजी 15 ईबी 0855 व एक अन्य मोटरसायकल को घर के अंदर खड़ा करके दरवाजे में ताला लगाकर कप-प्लेट बेचने उड़ीसा मेला गए थे। पड़ोसियों के द्वारा चोरी की सूचना देने पर वे शुक्रवार, 20 जून को दोपहर करीब दो बजे वापस अंबिकापुर आए तो घर का पूरा सामान बिखरा था। चोरों ने दो दरवाजों का ताला तोड़कर अलमारी खंगाला और घर के अंदर खड़ी बुलेट मोटरसायकल का लॉक टंगी हुई चाबी से खोला और दूसरे मोटर को छोड़कर बुलेट को लेकर चलते बने। चोर अपने साथ अलमारी का लॉक तोड़कर एक जोड़ा सोने का टप्स, बच्चे का दो जोड़ी चांदी का कंगन, नकद रकम 80 हजार रुपये भी ले गए हैं। बताया जा रहा है इसी रात को चोरों ने राघवेंद्र यादव के घर का भी ताला तोड़ा, मगर चोरी नहीं कर पाए। सूचना पर घटनास्थल पहुंचे आरक्षक ने सीसीटीवी का फुटेज हासिल किया है, मगर चोरों का सुराग कब तक लग पाएगा, कह पाना मुश्किल है। मोहल्ले के लोगों का कहना है कि सोनू यादव के यहां दो दिन पूर्व चोर धमके थे और मवेशी बांधने के लिए गाड़े गए मजबूत सब्बल से ताला तोड़कर घर में रखे पाइप सहित अन्य सामान को चोरी करके ले गए थे। चोरों ने सब्बल को भी नहीं छोड़ा। गुरूवार की रात अशोक गढ़ावा के घर में हुई चोरी के दौरान भी चोरों ने संभवत: इसी सब्बल का उपयोग ताला तोड़ने के लिए किया है। ऐसे में दोनों वारदातों को एक ही चोर गिरोह के द्वारा अंजाम देने की संभावना बनी हुई है। बहरहाल मणिपुर थाना पुलिस चोरी की वारदातों में अपराध दर्ज करके जांच, विवेचना में जुट गई है।
पुस्तैनी घर गए थे दंपती, इधर नकदी सहित एक लाख का जेवरात चोरी
गांधीनगर थाना क्षेत्र के फुन्दुरडिहारी बीचपारा में भी चोरों ने सूने मकान को निशाना बनाया और 31 हजार नकद सहित करीब एक लाख के जेवरात चोरी करके ले गए। प्रिया सिंह पति अविनाश सिंह निवासी बीचपारा ने पुलिस को बताया है कि 7 मई को रात करीब 9 बजे परिवार के सभी सदस्य घर में ताला बंद करके पुस्तैनी घर आजमगढ़ उत्तर प्रदेश गए थे। एक माह से घर बंद था। 17 जून को उन्होंने घर में काम करने वाली बाई को घर का साफ-सफाई करने के लिए कहा था। जब वह घर का सफाई करने आई तो ताला टूटा और सामान बिखरा मिला। चोरी की संभावना पर वह इसकी सूचना मकान मालकिन को दी। इसकी सूचना मिलने पर वे अंबिकापुर आए तो पता चला कि चोर 31 हजार रुपये नकद और सोने-चांदी का जेवरात चोरी करके ले गए हैं। घर का पूरा सामान मिलान नहीं होने पाने के कारण प्रिया सिंह ने चोरी गए सामानों की सूची पृथक से पेश करने के लिए पुलिस को कहा है। फिलहाल नकदी सहित एक लाख से अधिक के जेवरातों की चोरी की रिपोर्ट पुलिस दर्ज कर ली है और चोरों का सुराग लगाने में लगी है।

Categorized in: