ड्यूटी कर रहा आरक्षक घायल हुआ, घटना को दिया अंजाम देने वाले भाई गिरफ्तार
अंबिकापुर। शहर में अपराधियों के हौसले बुलंद नजर आ रहे हैं। जहां एक ओर चोरी की घटनाएं बढ़ रही हैं, वहीं नशेड़ी तत्वों की उग्रता के आगे कब कौन अपनी जान को खतरे में डाल देगा कह पाना मुश्किल है। ऐसे बदमाशों के लिए पुलिस तक कोई मायने नहीं रखती है। ऐसी ही एक घटना बीती रात होलीक्रॉस पुलिस चौकी में घटित हुई। आदतन बदमाशों ने न सिर्फ पुलिस चौकी के अंदर घुसकर ड्यूटीरत पुलिस आरक्षक का घड़ी और इयर बड चोरी कर लिया, बल्कि पुलिस चौकी आकर दोनों सगे भाइयों ने ऐसा उत्पात मचाया कि पुलिस चौकी से सटे अस्पताल में आने वाले मरीज और इनके स्वजन दहशत में आ गए। गाली-गलौज करते बदमाशों ने पुलिस चौकी के अंदर पत्थरबाजी करने के बाद कुर्सियों को तोड़ दिया। घटना की सूचना पुलिस चौकी प्रभारी को मिली, और वे मौके पर पहुंचे। बदमाशों के खोजबीन शुरू हुई और इन्हें चंद घंटे में गिरफ्तार करके चोरी किए गए घड़ी और इयर बड को बरामद कर लिया है।
जानकारी के मुताबिक शुक्रवार, 20 जून की रात को होलीक्रॉस पुलिस चौकी में आरक्षक बालमिकी तिर्की ड्यूटी में था। बाथरूम जाते वक्त वह गार्ड रूम के टेबल में अपना स्मार्ट वॉच और इयर बड रखकर गया था। इसी बीच पुलिस चौकी के अंदर घुसकर सुमीत सारथी पिता जीतू राम घड़ी और इयर बड चोरी करके तेजी से निकला, जिस पर सामने स्थित फल दुकान के संचालक की नजर पड़ी, और वह शोर मचाकर इससे पुलिस चौकी में मौजूद आरक्षक को आगाह कराया। आरक्षक जब पुलिस चौकी के गार्ड रूम में गया तो उसका स्मार्ट वॉच और इयर बड टेबल पर नहीं था। आरक्षक मिशन चौक के पास रहने वाले सुमीत सारथी के घर जाकर उससे पूछताछ किया तो वह आरक्षक के समक्ष उल्टा चोर कोतवाल को डांटे की स्थिति निर्मित कर दिया। गालीगलौज कर रहे नशेड़ी युवक की हरकत को देखकर आरक्षक वापस पुलिस चौकी आ गया था। मामला यही शांत नहीं हुआ, देर रात 10.50 बजे सुमीत सारथी अपने भाई सुजीत सारथी के साथ पुलिस चौकी के पास पहुंचा और शोर मचाते हुए आरक्षक को निशाना बनाकर गाली-गलौज करते हुए ईंट, पत्थर पुलिस चौकी के अंदर चलाने लगे, जिसे रोकने का प्रयास आरक्षक ने किया, तो ये हाथापाई करते हुए उसके साथ मारपीट करने लगे, जिसमें आरक्षक को हाथ और सीना में चोटें आई है। आरोपी पुलिस चौकी के अंदर घुस गए और कुर्सियों को तोड़ने-फोड़ने लगे। आरक्षक ने घटना से पुलिस चौकी प्रभारी मनोज सिंह को अवगत कराया, जब वे मौके पर पहुंचे तो आरोपी फरार हो गए थे। घटना की जानकारी मिलने पर कोतवाली थाना प्रभारी मनीष सिंह परिहार, पुलिस चौकी प्रभारी एएसआई मनोज सिंह, एएसआई विनय सिंह, आरक्षक महेश, अमर के साथ टीम आरोपियों के खोजबीन में जुटी और लुक-छिप रहे आरोपियों को गिरफ्तार कर ली। आरोपी अत्यधिक नशे में थे, नशा हिरण होने के बाद भी इनमें किसी प्रकार का मलाल नजर नहीं आ रहा था।
दोनों भाईयों के विरूद्ध 10 केस दर्ज
आरोपी सुमीत के विरूद्ध वर्ष 2015 से 2025 के बीच चोरी, लूट, मारपीट के 7 केस और उसके भाई सुजीत के विरूद्ध 3 अपराध दर्ज हैं। वहीं 20 जून की रात होलीक्रॉस पुलिस चौकी में घटित किए गए मामले में कोतवाली पुलिस ने दोनों भाईयों के विरूद्ध धारा 305 (ए), 331 (4), 296, 351 (3), 132, 221, 121 (1), 3 (5) बीएनएस का मामला दर्ज किया है। बताया जा रहा है कि नशे की स्थिति में दोनों आरोपी भाई जानलेवा हमला करके लूटपाट, छिनैती, मारपीट जैसी हरकत करने में भी नहीं चूकते हैं। आरोपी कब किसके घर में घुसकर क्या चोरी कर लें, कहना मुश्किल है।

Categorized in: