*महिला बतौली थाना क्षेत्र की रहने वाली है, जिसका हाल मुकाम था पुराना बस स्टैंड अंबिकापुर*
गिरजा ठाकुर
अंबिकापुर। शहर के बाबूपारा, पुराना बस स्टैंड रोड स्थित दुकान के सामने एक महिला का शव होने की सूचना के बाद से तफ्तीश में लगी पुलिस ने संदेही आरोपियों को हिरासत में लिया है और पूछताछ कर रही है। महिला की पहचान कर ली गई है। शहर के चालू मार्ग में मंगलवार को
दिन-दहाड़े साइकिल में महिला का शव लेकर आने और उसे दुकान के सामने छोड़कर भाग निकलने की इस घटना ने सनसनी फैला दी थी। पुलिस ने घटनास्थल के आसपास के सीसीटीवी फूटेज का अवलोकन किया तो दो संदिग्ध युवकों द्वारा मृतिका के शव को दुकान के सामने रखकर चले जाना पाया।
मामले को संज्ञान में लेकर पुलिस महानिरीक्षक सरगुजा रेंज राम गोपाल गर्ग व पुलिस अधीक्षक सरगुजा सुनील शर्मा के निर्देशन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विवेक शुक्ला, नगर पुलिस अधीक्षक स्मृतिक राजनाला के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन कर दोनों संदेहियों का पता तलाश कर मामले का पर्दाफास करने के दिशा-निर्देश दिए गए थे। पुलिस द्वारा त्वरित कार्रवाई करते हुए मृतिका सुमन चौधरी 37 वर्ष निवासी जामपारा बतौली, हाल मुकाम पुराना बस स्टैंड अंबिकापुर का शव साइकिल में लाकर दुकान के सामने रखने वाले दोनों संदिग्ध युवकों को घेराबंदी कर पकड़ा, मामले में पूछताछ जा रही है। विशेष पुलिस टीम एवं फोरेंसिक टीम द्वारा मामले में अग्रिम जांच की जा रही है। मृतिका के मृत्यु का वास्तविक कारण जानने के प्रयास में पुलिस लगी है। पोस्टमार्टम पश्चात ही मृत्यु का सही कारण सामने आ पाएगा।

Categorized in: