कांग्रेस जांच दल के समक्ष कई विवादास्पद तथ्य भी सामने आए

अंबिकापुर। संजय पार्क में 15 हिरणों की दुर्भाग्यपूर्ण मृत्यु की जांच के लिए प्रदेश कांग्रेस कमेटी द्वारा गठित 6 सदस्यीय जांच दल ने शनिवार को संजय पार्क का दौरा करके सरगुजा के वनमंडलाधिकारी से भी मुलाकात किया। कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष दीपक बैज के सरगुजा दौरे के बाद प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने पूर्व केबिनेट मंत्री अमरजीत भगत के नेतृत्व में 6 सदस्यीय जांच कमेटी की घोषणा की थी, जिसमें कांग्रेस जिलाध्यक्ष बालकृष्ण पाठक, श्रम कल्याण बोर्ड के पूर्व अध्यक्ष शफी अहमद, प्रदेश महामंत्री द्वितेंद्र मिश्र, जिला कांग्रेस के महामंत्री हेमंत तिवारी एवं अनूप मेहता शामिल हैं।

जांच दल ने अपनी कार्रवाई के दौरान संजय पार्क में घटनास्थल का अवलोकन करने के साथ ही इस पार्क की देखभाल करने वाली कमेटी के अध्यक्ष और कर्मचारियों से भी पूछताछ की। जांच दल ने उन स्थलों को भी देखा जहां मृत वन्यजीवों को रखा गया, उनका पोस्टमार्टम किया गया और उनका दाह संस्कार किया गया। जांच दल ने उीएफओ से मुलाकात करके संजय पार्क की व्यवस्थाओं के लिए जवाबदेह कमेटी की वैधानिकता को जानने के साथ ही वन विभाग के दायित्वों को लेकर भी सवाल किया। जांच दल ने मृत वन्यजीवों के संदर्भ में हुई वीडियोग्राफी के साथ ही पोस्टमार्टम रिपोर्ट की भी मांग की है। जांच दल शीघ्र ही अपनी जांच रिपोर्ट प्रदेश अध्यक्ष को सौंपने के साथ सार्वजनिक भी करेगा। मीडिया को संबोधित करते हुए जांच दल के अध्यक्ष अमरजीत भगत ने कहा कि हिरणों के बाड़े में कुत्तों के प्रवेश का जो स्थान बताया जा रहा है, वो कुत्तों के प्रवेश की दृष्टि से अविश्वसनीय प्रतीत होता है। उन्होंने कहा कि संजय पार्क की देखभाल करने वाली कमेटी और इस पर काबिज होने को लेकर कई विवादास्पद तथ्य सामने आ रहे हैं, जांच दल के साथ चर्चा में डीएफओ ने भी इसे स्वीकार किया है। उन्होंने कहा कि जांच कार्य पूर्ण होते ही मीडिया को भी विस्तार से इसकी जानकारी दी जाएगी। इस दौरान प्रदेश कांग्रेस के महामंत्री डॉ. जे.पी. श्रीवास्तव, जिला कांग्रेस उपाध्यक्ष अरविंद सिंह, महामंत्री आलोक सिंह, युवा कांग्रेस अध्यक्ष विकल झा, एनएसयूआई अध्यक्ष आशीष जायसवाल मौजूद थे।

Categorized in: