जनप्रतिनिधियों की आपत्ति के बाद भी जारी है घटिया निर्माण, जिम्मेदार तमाशा देख रहे

भैयाथान। सूरजपुर जिला के विकासखंड भैयाथान में गंगोटी से शिवपुर-नवापारा पहुंच मार्ग का निर्माण कार्य करीब 7 करोड़ 40 लाख रुपये की लागत से पीडब्ल्यूडी विभाग द्वारा कराया जा रहा है, लेकिन निर्माण कार्य की गुणवत्ता को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। स्थानीय लोगों और जनप्रतिनिधियों का आरोप है कि बड़े ठेकेदार की मनमानी के चलते मानकों की अनदेखी कर निर्माण किया जा रहा है।
ग्रामीणों का आरोप है कि कई जगहों पर घटिया सामग्री का उपयोग किया जा रहा है और मानक के अनुरूप निर्माण नहीं हो रहा है। जनप्रतिनिधियों द्वारा कई बार आपत्ति जताने के बावजूद निर्माण कार्य में सुधार नहीं हुआ। क्षेत्र में यह भी चर्चा है कि ठेकेदार की पकड़ इतनी मजबूत है कि विभाग के ईई, इंजीनियर और एसडीओ स्तर तक अधिकारी भी उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई करने से बचते हैं। यहां तक कि लोगों में यह चर्चा है कि ठेकेदार अधिकारियों के तबादले तक प्रभावित करने की क्षमता रखता है, जिसके कारण विभागीय कार्रवाई नहीं हो पा रही है। हालांकि इसकी अधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। मामले में विभाग के एसडीओ राजीव वर्मा ने कहा कि यदि निर्माण कार्य की गुणवत्ता सही नहीं पाई गई तो मूल्यांकन नहीं होगा और भुगतान नहीं किया जाएगा। इसके बावजूद कथित रूप से उसी सामग्री से निर्माण कार्य जारी है, जिससे ग्रामीणों में भारी आक्रोश है। इधर, डबरीपारा से डुमरिया पहुंच मार्ग पर खुटरापारा के पास गोबरी नदी का पुल पिछले वर्ष बरसात में क्षतिग्रस्त होकर टूट चुका है। यदि बरसात से पहले सड़क निर्माण पूरा नहीं हुआ, तो करीब 10 हजार की आबादी प्रभावित होगी और चार ग्राम पंचायतों के लोगों को ब्लॉक एवं जिला मुख्यालय पहुंचने के लिए लगभग 25 किलोमीटर अतिरिक्त दूरी तय करनी पड़ेगी। ग्रामीणों का कहना है कि ठेकेदार की कार्यशैली को देखते हुए सड़क समय पर पूरी होने की उम्मीद कम है। आने वाले मानसून में क्षेत्रवासियों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ सकता है।

तटबंध निर्माण पर भी उठे सवाल
सड़क किनारे तालाब तटबंध निर्माण में भी अनियमितता की शिकायत सामने आई है। ग्रामीणों के अनुसार नान तालाब और बहरापार तालाब के पास बनाए जा रहे तटबंध में क्रेशर डस्ट का उपयोग किया जा रहा है और बिना सरिया (छड़) लगाए निर्माण किया जा रहा है, जिससे तटबंध की मजबूती पर सवाल खड़े हो गए हैं। ग्रामीणों ने निर्माण कार्य की जांच कराकर गुणवत्तापूर्ण निर्माण कराने की मांग की है।

तटबंध में जीएसबी क्रशर डस्ट का उपयोग
जनपद सदस्य गंगोटी राजू गुप्ता का कहना है कि सड़क निर्माण कार्य बहुत सुस्त है। दो स्थानों पर तटबंध बनाया जा रहा है, जिसमें सड़क बनाने वाले जीएसबी के्रशर डस्ट का उपयोग किया जा रहा है। इसकी सूचना मंैने एसडीओ राजीव वर्मा को दी थी, जिस पर उन्होंने मूल्यांकन नहीं करने व तोड़कर पुन: बनाने की बात कही थी, लेकिन निर्माण कार्य धड़ल्ले से जारी है।

बयान
मैं तत्काल दिखवाता हूं। एसडीओ राजीव वर्मा छुट्टी में हैं, प्रभारी एसडीओ को भेजकर जांच कराता हूं। गुणवत्ता पूर्ण कार्य हमारी प्राथमिकता है।
ललित भोई, ईई, लोनिवि सूरजपुर

 

Categorized in: