शहर की जर्जर सड़कों के सुधार, निर्माण के नाम पर चल रही मनमानी से आक्रोश  

अंबिकापुर। नगर निगम क्षेत्र की जर्जर सड़कों को बेहतर बनाने के बजाए चल रही लीपापोती से आक्रोशित लोग सड़क पर आ गए। इनका कहना था कि सड़क सुधार, निर्माण के नाम पर लीपापोती करने का काम किया जा रहा है। पूरी बारिश जर्जर सड़कों का खामियाजा जनता ने भुगता, सड़कों का निर्माण तो शुरू हुआ लेकिन स्तर इतना कमजोर है कि दूसरे ही दिन सड़क उखड़ने लगी। मौके पर पहुंचे निगम के लोक निर्माण विभाग के प्रभारी ने भी स्वीकार किया, वास्तव में सड़क निर्माण में मानक का ख्याल ठेकेदार के द्वारा नहीं रखा जा रहा है। छत्तीसगढ़ फ्रंटलाइन ने 13 नवम्बर के अंक में ‘पुरानी सड़क का धूल उड़ाकर नया निर्माण, वाहन चलने से उखड़ती सड़क का दिखा नजारा, नगर निगम क्षेत्र में चल रहे सड़क निर्माण की गुणवत्ता पर लगा प्रश्नचिन्हÓ शीर्षक से प्रमुखता से समाचार प्रकाशित किया था।  

बता दें कि शहर में भाजपा कार्यालय के पास से सत्तीपारा होते हुए कैलाश मोड़ तक 800 मीटर सड़क का निर्माण कराया जा रहा है। ठेकेदार के माध्यम से कराए जा रहे इस कार्य में गुणवत्ता को ताक पर रखने के कारण स्थानीय लोग इसका विरोध करना शुरू कर दिए। नगर निगम क्षेत्र में जर्जर सड़क के कारण लोग पहले से ही काफी परेशान थे। बारिश के दिनों में लोगों को कीचड़ के कारण परेशानी का सामना करना पड़ा। बारिश के बाद जर्जर सड़क पर उड़ रही धूल ने लोगों को मुसीबत में डाल दिया। यह परेशानी पूर्ववर्ती निगम सरकार के समय भी रही। इसका खामियाजा पूर्व निगम की सरकार को सत्ता परिवर्तन के रूप में भुगतना पड़ा। निगम की सत्ता में बदलाव के बाद अच्छी सड़कव नाली की उम्मीद बनी, लेकिन लोगों की समस्या दूर नहीं हो पा रही है। निगम सरकार को इसके लिए काफी विरोध का सामना भी करना पड़ रहा है। जर्जर सड़क को चकाचक करने के लिए प्रदेश सरकार ने 22 करोड़ रुपये निगम को दिया है। उक्त राशि से विभिन्न वार्ड क्षेत्रों में जर्जर सड़क का निर्माण कार्य शुरू हो गया है। प्राथमिकता के आधार पर निगम पहले चरण में भाजपा कार्यालय के समीप से गुजरने वाली सत्तीपारा से कैलाश मोड़ तक की सड़क का निर्माण करा रही है। 57 लाख रुपये से 800 मीटर की सड़क का निर्माण करना है। निर्माण अभी पूरा नहीं हुआ है। जहां निर्माण किया गया है, वह इतना निम्न स्तर का है कि दूसरे दिन ही सड़क उखड़नी शुरू हो गई है। पुरानी सड़क को बिना उखाड़े निर्माण किया जा रहा है, वहीं डामर की मात्रा कम होने के कारण सड़क उखड़ने लगी है। हाथ से खरोचने पर असानी से सड़क का मटेरियल निकल जा रहा है। नेहरू वार्ड के पूर्व पार्षद बबन सोनी ने आरोप लगाया कि घटिया निर्माण का कारण कमीशनखोरी है।

ठेकेदार को उखाड़कर बनाना पड़ेगा सड़क
नगर निमग के लोक निर्माण विभाग के प्रभारी मनीष सिंह स्थानीय लोगों के माध्यम से गुणवत्ताहीन काम से सवालों के घेरे में आई सड़क के नजारे को देखने स्वयं मौके पर पहुंचे। उन्होंने सड़क को देखकर कहा वास्तव में सड़क निर्माण का स्तर कमजोर है। उन्होंने कहा शहर की सड़क गुणवत्तापूर्ण बनेगी। गुणवत्ता में कमी होने पर ठेकेदार को उखाड़कर सड़क बनाना होगा। उन्होंने इंजीनियर को भी गुणवत्ता की जांच के लिए निर्देशित किया है।

Categorized in: