टॉपर छात्र, यूपीएससी-सीजीपीएससी के युवा, खिलाड़ी और समाजसेवी होंगे सम्मानित, शहर में सजावट तेज*
अंबिकापुर। दुनिया को अमन, चैन, शांति, बंधुत्व, महिला अधिकार, सांप्रदायिक सद्भावना और आपसी भाईचारे का संदेश देने वाले पैगंबर हजरत मोहम्मद साहब (स.अ.व.) का जन्मदिन जश्ने ईद मिलादुन्नबी इस वर्ष भी परंपरागत और गरिमामय ढंग से 26 अगस्त को धूमधाम से मनाया जाएगा। सीरतुन्नबी कमेटी अंबिकापुर के तत्वावधान में होने वाले भव्य कार्यक्रम की तैयारियां जोर-शोर से चल रही हैं
इस दौरान प्रतिवर्ष की भांति इस वर्ष भी शिक्षा, खेल और समाज सेवा के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य करने वालों को सम्मानित किया जाएगा। इसी क्रम में सरगुजा जिले में 10वीं और 12वीं में टॉप-3 छात्र-छात्राओं को पुरस्कृत किया जाएगा। यूपीएससी और सीजीपीएससी में सफलता हासिल करने वाले जिले के होनहार युवाओं का सम्मान होगा। प्रदेश व राष्ट्रीय स्तर पर सफलता हासिल करने वाले खिलाड़ियों को सम्मानित किया जाएगा। वहीं जिले की किसी प्रबुद्ध हस्ती को समाज में उनके अभूतपूर्व योगदान के लिए लाइफटाइम अचीवमेंट अवॉर्ड से नवाजा जाएगा। समाज सेवियों, सामाजिक संस्थाओं, मदरसा के बच्चों, युवा अधिवक्ताओं और चिकित्सकों को भी सम्मानित किया जाएगा। सांप्रदायिक सद्भावना की मिसाल पेश करते हुए सभी धर्मों के धर्मगुरुओं को आमंत्रित किया गया है, जो पैगंबर साहब की जीवनी पर प्रकाश डालेंगे।
जुलूस और सजावट
ईद मिलादुन्नबी का जुलूस शहर के विभिन्न मोहल्लों से होते हुए कला केंद्र मैदान पहुंचेगा, जहां मुख्य कार्यक्रम संपन्न होंगे। पूरे शहर को आकर्षक ढंग से सजाया-संवारा जा रहा है। सर्वश्रेष्ठ मोहल्ला सजावट करने वाले कार्यकर्ताओं को भी पुरस्कृत किया जाएगा। साथ ही पिछले साल के कार्यक्रम को कामयाब बनाने वाले पूर्व अध्यक्ष जमाल खान मोनू, कार्यकारी अध्यक्ष मजूल खान व सद्दाम खान को भी सम्मानित किया जाएगा
नई कमेटी का गठन
अंबिकापुर के तेरह एदारा कमेटी और मुस्लिम समाज के प्रमुखजनों ने जाकिर हुसैन हॉल में बैठक कर नई कमेटी का चयन किया। नव नियुक्त अध्यक्ष मेराज गुड्डू उर्फ गुड्डू और कार्यकारी अध्यक्ष मोहम्मद नियाजउद्दीन खान निक्की के नेतृत्व में पूरा समाज कार्यक्रम को कामयाब बनाने में जुटा है। इस दौरान सचिव फैजान अहमद, अशफाक अली, बाबर इदरीशी, शादाब रिजवी, जमाल खान मोनू, मोइनुद्दीन अंसारी भी उपस्थित थे।
