गरियाबंद। छात्रों और शिक्षकों की जिद के आगे आखिरकार प्राचार्य वंदना पांडे मामले में प्रशासन को झुकाना पड़ा। वंदना पांडे को स्वामी आत्मानंद स्कूल से हटा दिया है। इसके अलावा प्राचार्य के खिलाफ बगावत करने वाली शिक्षिकाओं पर भी गाज गिर गई। गरियाबंद जिला शिक्षा अधिकारी ने सोमवार को डांस करने और रील बनाने के मामले में कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है। बता दें कि शाला कैंपस में डांस करते हुए रील बनाई गई थी।

दरअसल, प्राचार्य पर मानसिक प्रताड़ना और इंटर्नशिप के लिए वसूली (पैसे) का आरोप लगा था। छात्रों और शिक्षकों के विरोध पर 17 अक्टूबर को प्राचार्य वंदना पांडे को स्कूल से निलंबित कर दिया था। इसके बाद उन्हें जिला शिक्षा अधिकारी ने फिर से बहाल कर दिया था। बहाली के बाद से ही छात्र-छात्राओं ने विरोध-प्रदर्शन शुरू कर दिया था। 5 फरवरी को स्कूल के सभी शिक्षकों ने मोर्चा खोल दिया था। सोमवार को ही सैकड़ों की संख्या में छात्र और छात्राएं उन्हें हटाने की मांग को लेकर कलेक्ट्रेट कार्यालय पहुंच गए। वह 2 किमी पैदल मार्च करते हुए कलेक्टर से मिलने पहुंचे। छात्रों और शिक्षकों की नाराजगी के बाद जिला शिक्षा अधिकारी ने प्राचार्य वंदना पांडे की बहाली को निरस्त कर दिया।

 

Categorized in: