सरगुजा रेंज के आईजी ने नोडल अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक करके दिए अहम निर्देश
अंबिकापुर। पुलिस महानिदेशक छत्तीसगढ़ द्वारा अनियमित वित्तीय कंपनियों के विरुद्ध पंजीबद्ध लंबित प्रकरणों में सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए हंै। इसके परिपालन में 29 मई को पुलिस महानिरीक्षक सरगुजा दीपक झा द्वारा रेंज के नोडल अधिकारियों की बैठक आयोजित कर प्रकरणवार विस्तृत समीक्षा की गई। उन्होंने चिटफण्ड के प्रकरणों में फरार चल रहे आरोपी एवं डायरेक्टरों को गिरफ्तारी के संबंध में आवश्यक दिशा निर्देश दिए।
रेंज स्तरीय चिटफण्ड के प्रकरणों की विस्तृत समीक्षा के दौरान मुख्य आरोपी, डायरेक्टर राज्य के बाहर का होना पाए जाने पर उनकी जल्द से जल्द गिरफ्तारी करने हेतु आईजीने निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जिला स्तर पर टीम गठित कर मुख्य आरोपी, डायरेक्टर तथा ऐसे प्रकरणों में संलिप्त लोगों को सलाखों के अंदर करने का अथक प्रयास करें। उन्होंने कहा वित्तीय अनियमितता, चिटफण्ड जैसे प्रकरणों में जिला दंडाधिकारी से समन्वय स्थापित कर राज्य के अंदर और बाहर की चिन्हांकित संपत्तियों के संबंध में जिला दंडाधिकारी से आदेश, न्यायालय से अंतरिम आदेश जारी कराने की कार्रवाई करते हुए संपत्तियों को कुर्क करें। शासन की मंशा के अनुरूप निवेशकों की राशि वापस दिलाने में सभी सक्रियता से प्रयास करें। लंबित प्रकरणों की प्रक्रिया पूर्ण करने हेतु नोडल अधिकारियों को निर्देशित किया गया। समीक्षा बैठक के दौरान पुलिस अधीक्षक मनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर चंद्र मोहन सिंह वीसी के माध्यम से जुड़े रहे। अन्य जिलों के चिटफण्ड के नोडल अधिकारी अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सरगुजा अमोलक सिंह ढिल्लो, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सूरजपुर संतोष कुमार महतो, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक बलरामपुर विश्व दीप त्रिपाठी, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कोरिया पंकज पटेल, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक जशपुर अनिल सोनी उपस्थित रहे।

Categorized in: