मनेन्द्रगढ़ (एमसीबी) । दो दिन बाद जब देश में आजादी का पर्व मनाया जायेगा तो नये जिले मनेन्द्रगढ़ चिरमिरी भरतपुर के मुख्यालय मनेन्द्रगढ़ में एक स्वतंत्रता संग्राम सेनानी का परिवार स्वतंत्रता दिवस से एक दिन पूर्व 14 अगस्त को आमरण अनशन पर बैठेगा। उचित कार्यवाही की मांग को लेकर सोमवार को स्वतंत्रता संग्राम सेनानी की फ़ोटो लेकर उनकी विधवा बहू और पोता कलेक्ट्रेट पहुंचकर कलेक्टर से मुलाकात की।
 मिली जानकारी के अनुसार मनेन्द्रगढ़ के स्वतंत्रता संग्राम सेनानी रहे स्व.मौजीलाल जैन को शासन द्वारा वर्ष 1974-75 में स्वतंत्रता संग्राम सेनानी होने के सम्मान के रूप में जमीन दी गई थी लेकिन आज तक उसका लाभ उनके वारिसों को नही मिल पाया है जिससे अब उनके परिवार के लोग दर दर भटकने को मजबूर है। स्वतंत्रता संग्राम सेनानी स्व.मौजीलाल जैन की विधवा बहू दया जैन व पोते विशाल जैन ने सोमवार को कलेक्टर डी राहुल वेंकट को ज्ञापन सौंप कर उचित कार्यवाही करने और सम्मिलित खाते की भूमि पर हक दिलवाये जाने की मांग की है। इसके पूर्व 29 जुलाई 2024 को एसडीएम मनेन्द्रगढ़ को भी इस संबंध में ज्ञापन दिया गया था। अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) को सौंपे गये ज्ञापन में लेख किया गया था कि मेरे ससुर स्वतंत्रता संग्राम सेनानी स्व. मौजीलाल जैन को शासन द्वारा वर्ष 1974-75 में ग्राम पंचायत लाई में 2.023 हेक्टेयर भूमि दी गई थी जिस पर गाँव के दबंगों के द्वारा कब्जा कर लिया गया है। जब भी मेरे बच्चे वहाँ जाते है तो वो लोग मेरे बच्चों को जान से मारने की धमकी देकर वहाँ से भगा देते है। दया जैन पति स्व. कैलाश चन्द्र जैन ने 6 अगस्त 2024 को कलेक्ट्रेट कार्यालय में आयोजित जनदर्शन कार्यक्रम में भी आवेदन दिया था लेकिन कोई कार्यवाही नही होने पर 12 अगस्त 2024 को फिर से कलेक्टर से मिलकर आवेदन दिया गया है ।कलेक्टर को दिये गये ज्ञापन में दया जैन ने उल्लेख किया है कि मेरे ससुर मौजीलाल जैन का वर्ष 1985 में देहावसान हो गया। उसके बाद से उक्त भूमि का कब्जा हमें नहीं मिल पा रहा है। मेरे पति कैलाश चन्द्र जैन का कोरोना काल के दौरान निधन हो गया था। उनके निधन के बाद मेरे दो बेटों के सामने गुजर बसर की समस्या पैदा हो गई है। दया जैन के दो बेटे है जिसमे बड़ा बेटा अमित जैन मानसिक रूप से बीमार है। कलेक्टर को सौंपे गये ज्ञापन में अनुरोध किया गया है कि मेरे स्व.ससुर को शासन द्वारा दी गई भूमि का कब्जा दिलवाने की कृपा करें। ऐसा नहीं होने की स्थिति में मैं अपने बच्चों के साथ 14 अगस्त बुधवार को सुबह 10 बजे से आमरण अनशन में बैठूंगी। जिसकी समस्त जवाबदारी शासन प्रशासन की होगी।

Categorized in: