युवतियों की अवैध खरीद-फरोख्त में शामिल दो आरोपी गिरफ्तार

अंबिकापुर। अवैध तरीके से युवती की खरीद-बिक्री करने वाले आरोपियों को मणिपुर पुलिस ने गिरफ्तार किया है। युवती को मध्य प्रदेश उज्जैन से पुलिस टीम ने बरामद कर लिया है। घटना में शामिल अन्य आरोपियों के तलाश में पुलिस लगी है। एक और युवती को लखनपुर क्षेत्र से ले जाने का मामला प्रकाश में आया है, हालांकि पुलिस की ओर से जारी नोट में इसका उल्लेख नहीं किया गया है।
जानकारी के मुताबिक 19.11.25 को शादी पार्टी में काम करने के बहाने युवती को उसकी सहेली अलका ने पत्थलगांव ले जाने की बात उसकी बहन से कही और उज्जैन ले जाकर अशोक से नकद 2 लाख रुपये लेकर बेच दिया। यहां आरोपी अशोक ने पीड़िता से विधि विरुद्ध विवाह कर लिया, इसके बाद आरोपी महिला पीड़िता का फोन उठाना बंद कर दी। 29 नवंबर को शाम आरोपी अशोक ने प्रार्थिया को फोन करके बताया कि अलका ने उसकी बहन को दो लाख रुपये में बेच दिया है और जब तक पैसा वापस नहीं मिलेगा तब तक वह उसकी बहन को नहीं छोड़ेगा। आरोपी ने प्रार्थिया को पुलिस एवं अन्य जगहों पर घटना के संबंध में जानकारी देने एवं रिपोर्ट लिखाने से माना किया था एवं जान से मारने की धमकी भी दी थी। रिपोर्ट पर पुलिस ने 26.11.25 को थाना मणिपुर में धारा 143 (2), 187, 3(5) बीएनएस पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया। विवेचना दौरान प्रकरण के आरोपी का पता लगाने पुलिस टीम उज्जैन पहुंची और भंवर सिंह के कब्जे से पीड़िता को बरामद किया। आरोपी भंवर सिंह को पुलिस ने हिरासत में लिया। पीड़िता से पूछताछ में जानकारी मिली कि अलका उसे उज्जैन स्टेशन पर अशोक, मुकेश और भंवर सिंह को सौंपकर चली गई। आरोपी उसे उज्जैन से 15 किलोमीटर दूर ऑटो से लेकर आरोपी अपने गांव बड़ोदिया गए और अशोक एवं मुकेश ने जबरन भंवर सिंह से उसका विवाह करा दिया। भंवर सिंह ने उसे भागने की कोशिश करने पर जान से मारने की धमकी दी थी। मणिपुर पुलिस टीम ने भंवर सिंह गोहाना पिता उमराव सिंह 25 वर्ष, निवासी कमला नेहरू मार्ग प्रेमनगर चिमनगंज उज्जैन को हिरासत में लिया और पूछताछ की तो वह अपना जुर्म स्वीकार किया। आरोपी के निशानदेही पर घटना के अन्य आरोपी प्रेम नगर चिमनगंज के ही मुकेश सिंह गोहाना पिता उमराव सिंह 32 वर्ष को गिरफ्तार कर पुलिस अंबिकापुर पहुंची और अग्रिम कार्रवाई करते हुए धारा 140(3), 142, 144 (2), 64 2डी बीएनएस जोड़कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। आरोपियों की गिरफ्तारी में थाना प्रभारी मणिपुर निरीक्षक अश्विनी सिंह, सहायक उप निरीक्षक शौखी लाल, आरक्षक सत्येंद्र दुबे की मुख्य भूमिका रही।

 

Categorized in: