ग्राम नुनेरा के पंच और शराब तस्कर को गिरफ्तार करने में मिली सफलता  

अंबिकापुर। संभागीय आबकारी उड़नदस्ता सरगुजा की टीम ने मध्य प्रदेश की अवैध शराब के साथ दो आरोपियों को गिरफ्तार करके जेल दाखिल किया है। टीम 18 पेटियों में 900 पाव, कुल 162 लीटर अंतर्राज्यीय गोवा व्हिस्की बरामद की है।

जानकारी के मुताबिक, सहायक जिला आबकारी अधिकारी रंजीत गुप्ता को मुखबिर से सूचना मिली कि थाना उदयपुर अंतर्गत ग्राम भदवाही निवासी गौरव जायसवाल भारी मात्रा में मध्यप्रदेश राज्य की शराब लाकर नुनेरा गांव के पंच ब्रिजलाल पैकरा के घर में छिपाकर रखा है। सूचना की विश्वसनीयता पर उन्होंने जिला आबकारी अधिकारी इन्द्रबली मार्कण्डेय के मार्गदर्शन में उड़नदस्ता टीम के साथ तत्काल नुनेरा गांव में पंच ब्रिजलाल पैकरा के घर में दबिश दी। तलाशी के दौरान ब्रिजलाल के घर में 18 पेटियों में मध्य प्रदेश राज्य की गोवा व्हिस्की मिला।

पूछताछ में पंच ब्रिजलाल पैकरा ने बताया कि उसके घर में रखा शराब भदवाही ग्राम के गौरव जायसवाल का है। इसके बाद टीम ब्रिजलाल को साथ लेकर ग्राम भदवाही में रहने वाले गौरव जायसवाल के घर पहुंची, और उसे कब्जे में लिया। पूछताछ में उसने अपना जुर्म कबूल करते हुए पुष्ट किया कि, पंच ब्रिजलाल के पास से बरामद शराब उसी की है।

मामले में आबकारी अधिनियम की धारा 34(2), 36, 59(क) के तहत दोनों आरोपियों के खिलाफ अपराध पंजीबद्ध किया गया है। दोनों को गिरफ्तार करके न्यायिक रिमांड पर जेल दाखिल किया गया। जब्त शराब की अनुमानित बाजार कीमत लाखों रुपये बताई जा रही है। इस पूरी कार्रवाई में उड़नदस्ता टीम के नगर सैनिक रोहित सोनवानी एवं ओम प्रकाश गुप्ता की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

Categorized in: