ठेकेदारों के कहने पर पार्टनर बनकर काम करने घर से 20 लाख रुपये लेकर आया था

पिता ने ठेकेदारों पर लगाया हत्या का आरोप, अपराध दर्ज करने की मांग

अंबिकापुर। बिहार निवासी एक युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में 3-4 अगस्त की दरम्यानी रात अंबिकापुर में स्थित एक पेट्रोल पंप के पैनल रूम में कथित रूप से करंट लगने से मौत हो गई, उसे लहूलुहान हाल में मेडिकल कॉलेज संबद्ध जिला अस्पताल लाया गया, यहां जांच के बाद चिकित्सक ने उसे मृत घोषित कर दिया था। घटना के समय उसका साथी इसी कक्ष में सोया था, जिसे घटना की भनक तत्काल नहीं लगी। मृतक के स्वजन को पुलिस ने युवक के शव को मर्च्युरी में रखवा दिया था, और स्वजन के आने का इंतजार कर रही थी। सूचना मिलने पर बेगूसराय से मृतक के स्वजन पहुंचे। इन्होंने घटनास्थल और मृतक के शव को देखने के बाद युवक के हत्या का संदेह जताया है। मृतक के पिता ने लिखित में जानकारी देते हुए पुलिस को अवगत कराया है कि, उनके पुत्र को कुछ ठेकेदारों ने पार्टनर बनाने का झांसा दिया था। घर से मृतक 20 लाख रुपये लेकर निकला था।

जानकारी के मुताबिक, मृतक सौरभ कुमार सिंह पिता मनोज कुमार सिंह 32 वर्ष, बिहार के बेगुसराय जिला अंतर्गत नगर परिषद बोहट, वार्ड क्रमांक-2 का रहने वाला था। मृतक के पिता का कहना है कि, उनका पुत्र सौरभ बेगुसराय के, लक्ष्मी कंस्ट्रक्शन के मालिक मनोहर सिंह और मन्नू उर्फ मनु नामक ठेकेदारों के संपर्क में था। करीब एक महीने पहले उसे पार्टनर बनाने का प्रलोभन देकर ठेकेदारों ने अंबिकापुर चलने के लिए कहा। सौरभ इनके साथ 20 लाख रुपये लेकर निकल लिया। मनोज सिंह के अनुसार सौरभ ने फोन पर काम में ठेकेदारों का पार्टनर बनने की जानकारी दी थी, लेकिन कुछ दिनों से वह परेशान था और पार्टनरों से विवाद संबंधी बात घर में फोन करके बताया था। तीन अगस्त की रात करीब 9.30 बजे सौरभ ने अपनी पत्नि श्वेता देवी को फोन करके ठेकेदारों के द्वारा उसका पैसा नहीं देने और मारपीट करने की जानकारी दिया, और कहा कि वह घर आ रहा है। 4 अगस्त को जब पिता ने सौरभ के तीनों मोबाइल नंबरों पर संपर्क करने की कोशिश की तो कॉल रिसीव नहीं हुआ। परेशान होकर उन्होंने अन्य लोगों से संपर्क किया तो सूचना मिली कि उनके बेटे को करंट मार दिया गया है और उसकी मौत हो गई है। पिता का कहना है कि, तहकीकात में पता चला कि, रात में ठेकेदारों के कहने पर 5-6 अज्ञात लोगों ने सौरभ के सिर पर हमला करके उसकी हत्या कर दी है और करंट से मौत बताकर गुमराह किया जा रहा है। पिता ने पुलिस से दोनों ठेकेदारों और अज्ञात लोगों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर कार्रवाई की मांग की है।

रुपये लेने के बाद टार्चर करने का आरोप

मनोज कुमार सिंह ने टार्चर करके पुत्र की हत्या कर देने का आरोप लगाया है। इसकी जानकारी कोतवाली थाना अंबिकापुर के एसएचओ के नाम शिकायत पत्र में भी दी गई है। पिता का कहना है कि ठेकेदार मनोहर सिंह और मन्नु उर्फ मनु बेगुसराय जिला के ही रहने वाले हैं। इनके द्वारा 20 लाख रुपये लेने के बाद उनके पुत्र को टार्चर किया गया है, और घटना दिनांक 3 अगस्त को देर रात करीब 12 बजे उसकी हत्या करवा दी गई। बहरहाल पुलिस ने मृतक के शव का बुधवार को पोस्टमार्टम कराया है। घटना से स्वजन शोकाकुल हैं।

सीसीटीव्ही का नहीं मिल पाया फुटेज

मृतक के चाचा धर्मेन्द्र सिंह, कमलेश सिंह, रिश्ते में भाई आदर्श कुमार, रविशंकर सिंह सहित अन्य पूरे मामले को संदेह की नजर से देखते हुए कई सवाल उठा रहे हैं। इनके द्वारा मौके पर गिरे खून और सिर, माथे में गहरे जख्म को देखते हुए सवाल उठाया है कि, युवक को चेहरे के दोनों हिस्से में करंट लगना, वहीं मौके पर काफी खून बहना संदेहास्पद है। इनका कहना है कि, जब वे घटनास्थल गए तो सीसीटीव्ही का तार कटा हुआ मिला। ऐसे में घटना के समय का कोई फुटेज उन्हें नहीं मिल पाया।

कब करंट की चपेट में आया, नहीं लगी भनक

घटना को लेकर जो बातें सामने आई हैं, उसके अनुसार मृतक सौरभ कुमार सिंह घटना दिनांक को अपने साथी व इंडियन ऑयल पेट्रोल पम्प के मेंटनेंस का काम देखने वाले सादाब के साथ था, जो एक अन्य पेट्रोल पम्प में रहता है। 3 अगस्त को देर रात सादाब, रामानुजगंज रोड में स्थित पेट्रोल पम्प के पैनल रूम में ही सोया था। देर रात जब लघुशंका के लिए सादाब उठा, तो कुछ जलने का महक आया, उसकी नजर सौरभ पर पड़ी, जो पैनल रूम में करंट से चिपका था। अस्पताल में जांच के बाद चिकित्सक ने उसे मृत घोषित कर दिया।

Categorized in: