यूनियन के पदाधिकारियों को भी नहीं बख्शा, एक पक्ष की रिपोर्ट पर केस दर्ज

अंबिकापुर। शहर में बढ़ती ऑटो की संख्या के बीच प्रतिस्पर्धा की स्थिति बनने लगी है। कई ऑटो चालक ऐसे हैं, जो कब किस घटना को अपने साथियों व सवारियों के साथ अंजाम दे देंगे, कहना मुश्किल रहता है। कई बार ऐसे अप्रिय हालात सामने आए हैं, इसे देखते हुए बेलगाम ऑटो चालकों के विरूद्ध सख्ती की आवश्यकता महसूस की जा रही है। इनके द्वारा सवारियों से कई बारे किराए को लेकर हुज्जतबाजी भी की जाती है। हाल में 24 सितंबर को इंटरनेट मीडिया के माध्यम से एक वीडियो वायरल हुआ है, जो शहर के अंबेडकर चौक का है। इस चौक के पास जिले के पुलिस कप्तान का निवास भी है। वायरल वीडियो में ऑटो ड्राइवर एक-दूसरे पर हाथ-मुक्का व डंडा बरसा रहे हैं। आधे घंटे तक दोनों के बीच मारपीट चली। मामले में एक ऑटो चालक ने गांधीनगर थाने में केस भी दर्ज कराया है।

जानकारी के मुताबिक गांधीनगर थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम अजिरमा निवासी मो. मुख्तार मंसूरी पिता मो. सहादत मंसूरी 40 वर्ष ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराया है कि ऑटो चालक कार्तिक यादव, जमुना यादव, कइला यादव, शिवनाथ यादव सहित अन्य ने अंबेडकर चौक पर हाथ-मुक्के से ऑटो चालन करने वाले अशरफ की पिटाई कर दी। अशरफ ने फोन पर उन्हें घटना की जानकारी दी थी। सूचना मिलने पर उन्होंने ऑटो यूनियन को इसकी जानकारी दी। इसके बाद वे यूनियन के सदस्य लक्ष्मण यादव के साथ कार्तिक यादव व उसके साथियों को समझाइश देने वहां पहुंचे थे। इस दौरान पुन: कार्तिक यादव, जमुना यादव, कईला यादव, शिवनाथ यादव व अन्य ने एक राय होकर उन पर हमला बोल दिया। इस दौरान ऑटो चालकों के द्वारा समझाइश देने गए लोगों से हाथ-मुक्का, डंडा व रॉड से मारपीट करने लगे। रिपोर्ट पर गांधीनगर थाना पुलिस ने अपराध दर्ज कर लिया है। बता दें कि ऑटो चालकों के मध्य मारपीट की यह पहली घटना नहीं है। पूर्व में भी ऐसे मामले सामने आए हैं। सवारियों को भी इनकी बदसलूकी का शिकार होते कई बार देखा गया है।

Categorized in: