देश के अंदर जब बात ऑफरोड सेगमेंट की होती है तो ऑप्शन ना के बराबर हो जाते हैं। इस सेगमेंट में इन दिनों सिर्फ महिंद्रा थार और मारुति सुजुकी जिम्नी भी मौजूद है। एक अन्य मॉडल फोर्स गुरखा का है। हालांकि, इस सेगमेंट में थार का एकतरफा दबदबा है। अभी मार्केट में थार का 3-डोर मॉडल मौजूद है। कंपनी इसके 5-डोर मॉडल की टेस्टिंग कर रही है। इस बीच टोयोटा के पॉपुलर SUV लैंड क्रूजर के मिनी मॉडल के आने की खबरें सामने आई हैं। कंपनी एक नई लाइफस्टाइल कॉम्पैक्ट ऑफ-रोडर SUV लैंड क्रूजर मिनी पर काम कर रही है।

अगले साल तक आने की उम्मीद
खबरों की मानें तो इसे हाइब्रिड और इलेक्ट्रिक पावरट्रेन ऑप्शन में उतारा जा सकता है। यह कुछ साल पहले प्रदर्शित कॉम्पैक्ट क्रूजर EV कॉन्सेप्ट का प्रोडक्शन वर्जन होगा। जिसे अगले साल पेश किया जा सकता है। इसका नाम लाइट क्रूजर या यारिस क्रूजर भी रखा जा सकता है। यदि इसे भारतीय बाजार में लॉन्च किया जाता है तब इसका सीधा मुकाबला मारुति सुजुकी जिम्नी और महिंद्रा थार से होगा। इसका कॉन्सेप्ट डिजाइन को देखकर ये साफ है कि ये ग्राहकों को पंसद आएगी।

रग्ड लुक के साथ हो सकती है लॉन्च
यह ऑफ-रोडर SUV कॉम्पैक्ट क्रूजर कॉन्सेप्ट जैसे डिजाइन के साथ आएगी। इसमें ऊंचे पिलर्स और लगभग सपाट छत मिलेगी। लैंड क्रूजर मिनी का आकार कोरोला क्रॉस के समान होगा। यह 5-डोर जिम्नी से लंबी होगी और यह बॉडी-ऑन-फ्रेम चेसिस पर तैयार होगी। लेटेस्ट कार की लंबाई 4,350mm, चौड़ाई 1,860mm और ऊंचाई 1,880mm रखी जा सकती है। इसमें टेलगेट पर लगे स्पेयरव्हील के साथ गोलाकार LED हेडलैंप का इस्तेमाल किया जा सकता है। इसके कॉन्सेप्ट डिजाइन की बात करें तो ये काफी रफ एंड टफ लुक के साथ नजर आती है। ये रग्ड लुक पहली ही नजर में किसी को भी पसंद आ सकती है।

थार और जिम्नी के लिए बनेगी मुसीबत!
बात करें लैंड क्रूजर मिनी के इंजन की तो इसमें कोरोला क्रॉस के 2.0-लीटर पेट्रोल इंजन, RAV4 के 2.5-लीटर पेट्रोल/हाइब्रिड इंजन या प्राडो और हिलक्स के समान 2.8-लीटर टर्बोचार्ज्ड 4-सिलेंडर डीजल इंजन के साथ पेश किया जा सकता है। इसके साथ ही गाड़ी में माइल्ड-हाइब्रिड सिस्टम भी जोड़े जाने की उम्मीद की जा रही है। उम्मीद ये भी है कि इसे अगले महीने टोक्यो मोटर शो में ग्लोबल स्तर पर पेश किया जा सकता है। एक बात तय है कि बाजार में आने के बाद ये थार और जिम्नी के लिए बड़ा चैलेंज खड़ा कर सकती है।

Categorized in: