घेराबंदी करके देर रात पुलिस दो आरोपियों को गिरफ्तार की, लूटी गई रकम और मोटरसायकल बरामद

अंबिकापुर। कोतवाली थाना क्षेत्र के सत्तीपारा कैलाश मोड़ के पास रविवार की रात व्यवसायी पर जानलेवा हमला करके 20 लाख रुपये लूटने के सनसनीखेज मामले में पुलिस ने घेराबंदी करके चंद घंटे में दो आरोपियों को गिरफ्तार करके इनसे शत-प्रतिशत लूट की रकम, व्यवसायी का मोबाइल फोन और एक मोटरसायकल बरामद कर लिया है। आरोपियों में एक व्यवसायी के यहां पूर्व में काम करने वाला एक कर्मचारी शामिल था, जिसे उन्होंने काम से निकाल दिया था। ऐसे में बदले की भावना से उक्त कर्मचारी के द्वारा वारदात को अंजाम देने की संभावना बलवती हो रही है। पुलिस को आरोपियों को गिरफ्तार करने देर रात खेत में दौड़ लगानी पड़ी।
जानकारी के मुताबिक रानी सती मंदिर कॉलोनी निवासी व्यवसायी अनिल अग्रवाल का शहर के श्री राम मंदिर रोड में मोबाइल का थोक कारोबार है, वे हिंदुस्तान लीवर के फ्रेंचाइजी धारक भी हैं। अग्रवाल इंटरप्राइजेज इन्द्रपस्थ के संचालक अनिल अग्रवाल रविवार की रात को रोजाना की तरह दुकान बंद करके दिन भर की बिक्री की रकम लगभग 20 लाख रुपये और तीन मोबाइल फोन बैग में रखकर स्कूटी से अपने घर लौट रहे थे। सत्तीपारा में कैलाश मोड़ के पास अंधेरे में दीवार के पीछे घात लगाकर बैठे किसी व्यक्ति ने अचानक उन पर बांस के डंडे से हमला कर दिया, जिससे खून निकलने लगा और वे बुरी तरह से लहूलुहान हो गए। घटना में अनिल अग्रवाल स्कूटी सहित सड़क पर गिर गए, वे शोर मचा पाते, इसके पहले बदमाश उनके हाथ से रुपये से भरा बैग छीनकर अंधेरे में फरार हो गए। शहर के सज्जन कॉलोनी निवासी अंकित गोयल पिता सज्जन गोयल ने घटना की जानकारी थाना कोतवाली में दी थी, जिस पर पुलिस ने थाना कोतवाली में बीएनएस की धारा 109(1), 311, 309(6), 3(5) पंजीबद्ध किया था और आहत का डॉक्टरी मुलाहिजा कराया था। इसके बाद वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सरगुजा राजेश अग्रवाल के निर्देशन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अमोलक सिंह ढिल्लो एवं नगर पुलिस अधीक्षक राहुल बंसल के मार्गदर्शन में थाना अंबिकापुर, मणिपुर, गांधीनगर एवं यातायात पुलिस को कंट्रोल रूम के माध्यम से निर्देश देकर शहर के सभी प्रमुख निकास मार्गों पर कड़ी नाकाबंदी करके वाहनों की सघन चेकिंग एवं पूछताछ की जाने लगी। साइबर सेल की टीम को घटनास्थल रवाना किया गया। टीम ने सीसीटीवी फुटेज की बारीकी से अवलोकन किया। प्राप्त सीसीटीव्ही फुटेज, पूछताछ के बीच मुखबिर से पुलिस को पता चला कि कुछ संदिग्ध जगदीशपुर के खेतों में छिपे हुए हैं। पुलिस टीम खेत में संदिग्धों को पकड़ने के लिए घेराबंदी की तो दो संदिग्ध भागने लगे। इस दौरान संदिग्धों के पास मौजूद पैसे से भरा बैग गिर गया एवं कुछ ही दूरी पर खड़ी सफेद रंग की पल्सर एनएस मोटरसाइकिल को छोड़कर आरोपी वहां से भाग गए। पुलिस ने पल्सर मोटरसाइकल एवं नकदी रकम 18 लाख रुपये जप्त कर लिया। फरार दोनों आरोपियों की पतासाजी में थाना प्रभारी कोतवाली निरीक्षक शशिकांत सिन्हा एवं साइबर सेल प्रभारी सहायक उप निरीक्षक अजीत मिश्रा की टीम ने आरोपी के संभावित ठिकानों पर दबिश दी। इस दौरान तकनीकी माध्यमों से पता चला कि आरोपी जगदीशपुर के आस-पास ही खेत में छिपे हंै। आसपास के इलाके को पूरी तरह से घेराबंदी करके पुलिस टीम ने इन्हें हिरासत में लिया। पूछताछ में आरोपियों ने अपना जुर्म स्वीकार किया।
कैट करेगा पुलिस टीम का सम्मान
व्यवसायी अनिल अग्रवाल पर हमला और लूट की घटना में शामिल अपराधियों तक पहुंचने और लूट की रकम और आरोपियों की मोटरसायकल को बरामद करने में मिली सफलता की सराहना व्यापारियों के संगठन, कन्फेडरेशन ऑफ ऑल इंडिया ट्रेडर्स (कैट) ने की है। कैट ने साइबर सेल एवं पूरी पुलिस टीम को तत्परतापूर्वक कार्रवाई के लिए सम्मानित करने का निर्णय लिया है। कैट ने जारी बयान में कहा है कि इस सफल कार्रवाई से आम जनता एवं व्यापारियों के बीच पुलिस के प्रति विश्वास और अधिक सुदृढ़ हुआ है। सरगुजा पुलिस के द्वारा घटना को गंभीरता से लेकर जिस प्रकार प्रभावी कार्रवाई की गई, इससे क्षेत्रवासी स्वयं को सुरक्षित महसूस कर रहे हैं। कैट ने सरगुजा रेेंज के पुलिस महानिरीक्षक दीपक झा, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक राजेश अग्रवाल एवं पूरी पुलिस टीम को इस सफलता के लिए बधाई प्रेषित की है।
पुलिस इन्हें की गिरफ्तार
आरोपी दीपक दास पिता जयमंगल दास 24 वर्ष खालपरा अमगासी लखनपुर का वहीं रोहित दास पिता भकुस दास भातुपारा अंबिकापुर के कब्ज़े से पुलिस ने लूट की शेष रकम दो लाख रुपये नकद बरामद करने सफलता हासिल की है। आरोपियों के विरुद्ध विधिवत कार्रवाई करते हुए इन्हें न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है।
कार्रवाई में ये रहे शामिल
कार्रवाई में थाना प्रभारी कोतवाली निरीक्षक शशिकांत सिन्हा, प्रदीप जायसवाल, उप निरीक्षक सीपी तिवारी, सहायक उप निरीक्षक अदीप सिंह, विवेक पांडेय, अजीत कुमार मिश्रा, प्रधान आरक्षक भोजराज पासवान, विकास सिन्हा, अजय पांडेय, छत्रपाल सिंह, जयदीप सिंह, आरक्षक मनीष सिंह, विवेक राय, नितिन सिन्हा, देवेंद्र पाठक की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
बयान
व्यवसायी से लगभग 20 लाख रुपये की लूट के मामले में शामिल दो आरोपियों को नगर पुलिस अधीक्षक के नेतृत्व में साइबर थाना और कोतवाली थाना की पुलिस टीम ने गिरफ्तार किया है। इनके पास से लूटी गई रकम और तीन मोबाइल फोन की शत-प्रतिशत बरामदगी हो गई है। मामले में अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की गई है।
अमोलक सिंह ढिल्लो
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक, सरगुजा

Categorized in: