कंपनी के कर्मचारियों ने नौ ग्रामीणों के खिलाफ मारपीट की दर्ज कराई है रिपोर्ट, इसके विरोध में कलेक्टोरेट पहुंचे ग्रामीण

गिरजा ठाकुर


अंबिकापुर। सरगुजा जिले के बतौली विकासखंड अंतर्गत ग्राम चिरंगा में एल्यूमिनियम रिफाइनरी फैक्टरी के लिए चल रहे निर्माण का स्थानीय ग्रामीण विरोध कर रहे हैं। पूर्व में भी स्थानीय ग्रामीणों ने ग्राम चिरंगा में एल्यूमिनियम प्लांट नहीं लगाने की मांग को लेकर जिला प्रशासन को अवगत कराया था। इसी बीच दो दिन पूर्व प्लांट के लिए शेड निर्माण कार्य में लगे कर्मचारियों व स्थानीय ग्रामीणों के बीच विवाद की स्थिति निर्मित हुई थी। कंपनी के कर्मचारियों ने नौ ग्रामीणों के खिलाफ नामजद एफआइआर बतौली थाने में दर्ज कराई है। इसे लेकर मंगलवार को काफी संख्या में ग्रामीणों ने जिला मुख्यालय अंबिकापुर पहुंच कर कलेक्टर व एसपी को ज्ञापन सौंपा है। ग्रामीणों ने ज्ञापन सौंप कर उक्त स्थान पर एल्यूमिनियम प्लांट का निर्माण नहीं कराने की मांग की है। वहीं एएसपी के समक्ष बतौली पुलिस पर एकतरफा कार्रवाई करने की बात कही है। गौरतलब है कि बतौली विकासखंड के ग्राम चिरंगा में एल्यूमिनियम रिफाइनरी फैक्टरी निर्माण को लेकर स्थानीय लोगों में नाराजगी है। ग्राम चिरंगा में मां कुदरगढ़ी एल्यूमिना फैक्टरी की स्थापना का काम चल रहा है। इसका स्थानीय ग्रामीणों द्वारा लगातार विरोध किया जा रहा है। इसके बाद भी यहां पर काम चालू है। कंपनी के कर्मचारियों ने बतौली थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है कि रविवार की दोपहर में उक्त भूमि पर लोहे-टीने के शेड का निर्माण कराया जा रहा था। इसी दौरान गांव के ही महेश लकड़ा, नंदलाल बड़ा, अर्जुन पैंकरा, सियाराम बेक, धरमसाय बरगाह, कौशिल्या बाई, अनिता, सुमित्रा, सुखमनिया एवं अन्य महिला- पुरुष ने लाठी, डण्डा व हथियारों से लैस होकर गाली-गलौज करते हुए कर्मचारियों के साथ मारपीट की। रिपोर्ट पर पुलिस ने नौ ग्रामीणों के खिलाफ नामजद अपराध दर्ज किया है। ग्रामीणों का कहना है कि कंपनी द्वारा झूठे आरोप में फंसाया जा रहा है। पुलिस एकतरफा कार्रवाई कर रही है। मंगलवार को बारिश के बीच काफी संख्या में ग्रामीण अंबिकापुर पहुंच कर कलेक्टर को ज्ञापन सौंप कर काम बंद कराने व एएसपी से पुलिस पर एकतरफा कार्रवाई की बात कही है। ग्रामीणों ने एएसपी के समक्ष आरोप लगाया कि कंपनी द्वारा उत्तर प्रदेश व बिहार से लठैत बुलाकर रखा गया है। आए दिन इनके द्वारा शराब के नशे में ग्रामीणों से मारपीट, गाली-गलौज किया जा रहा है। घटना दिवस काम रोकने गर्इं ग्रामीण महिलाओं के साथ कंपनी के कर्मचारियों द्वारा अभद्र व्यवहार किया गया और मारपीट की गई। इसकी शिकायत बतौली थाने में की गई थी, पर पुलिस ग्रामीणों के तरफ से कोई कार्रवाई नहीं की।

Categorized in: