पुलिस से बचने राहगीरों से मोबाइल मांगकर करता था बात

एसएसपी ने 5000 का ईनाम किया था घोषित, खाता करवाया था फ्रीज

अंबिकापुर। नाबालिग से दुष्कर्म के बाद फरार हुए आरोपी ने पुलिस को 10 दिन तक 3 राज्यों में दौड़ाया, लेकिन डीआईजी व एसएसपी के निर्देश पर गठित विशेष टीम ने उसे बिहार के पटना में धर-दबोचा। आरोपी तरूण कुमार जायसवाल पकड़े जाने के डर से अपना मोबाइल बंद रखता था। बात करने के लिए राहगीरों से मोबाइल मांगता और तुरंत सिम निकाल देता था। पुलिस ने घटना के बाद से फरार थाना कोतवाली में दर्ज धारा 65(1) बीएनएस और पॉक्सो एक्ट 4, 6 के आरोपी तरूण जायसवाल को गिरफ्तार करने के लिए उड़ीसा, झारखंड के देवघर से पटना तक पीछा किया। आरोपी के गिरफ्त में आने के बाद पुलिस भी राहत की सांस ली है। इसके पहले कभी कोतवाली थाना तो कभी एसपी कार्यालय का घेराव की स्थिति सामने आ रही थी।

दो विशेष टीमों का किया गठन

नगर पुलिस अधीक्षक राहुल बंसल ने बताया कि, डीआईजी एवं एसएसपी सरगुजा राजेश अग्रवाल ने मामले को गंभीरता से लेते हुए 2 विशेष टीम बनाई थी। टीम ने तकनीकी साक्ष्य, बैंक ट्रांजेक्शन और वाहन की ट्रेवल हिस्ट्री के सहारे आरोपी का पीछा शुरू किया। आरोपी देवघर, वासुकीनाथ, पुरी, रांची होते हुए पटना पहुंचा। पटना पुलिस के साथ समन्वय कर उसे हिरासत में लेने में पुलिस सफल हुई। आरोपी को पटना कोर्ट में पेश करने के बाद ट्रांजिट रिमांड पर अंबिकापुर लाया गया।

ईनाम की घोषणा, बंदूक की जब्ती

आरोपी की गिरफ्तारी के लिए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक राजेश अग्रवाल ने 5000 रुपये का ईनाम घोषित किया था। वहीं आरोपित के तलाशी दौरान दबिश देकर पुलिस ने आरोपी के नाम का 12 बोर डीबीएल लाइसेंसी बंदूक भी बरामद किया। इसका लाइसेंस निरस्त हो चुका था, इसके बाद भी आरोपी हथियार साथ रखे हुए था।

घर पर ताला, खाते फ्रीज

पुलिस को विवेचना के बीच पता चला कि आरोपी भफौली और चोपड़ापारा दोनों घरों में ताला लगाकर निकला था। सर्वप्रथम पुलिस ने उसका बैंक खाता फ्रीज कराया। संपर्क के सभी मोबाइल नंबरों की कॉल डिटेल निकाली। रिश्तेदारों पर भी लगातार दबाव बनाया गया। आरोपी तरूण कुमार जायसवाल पिता स्व. बंशीधर जायसवाल 51 वर्ष, ग्राम भफौली का रहने वाला है, इसका हाल मुकाम चोपड़ापारा, वसुंधरा हाइट फ्लैट 207 पर भी है।

बयान
पॉक्सो के मामलों में जीरो टॉलरेंस है। आरोपी कितना भी भागे, कानून के हाथ से बच नहीं सकता। तकनीक और जनता के सहयोग से हमने उसे पकड़ा है। मामले में एससी एसटी एक्ट की धारा के तहत भी कार्रवाई की गई है। अग्रिम विवेचना जारी है।
राहुल बंसल, सीएसपी अंबिकापुर

 

 

Categorized in: