राजेंद्र ठाकुर (राजू)ब्यूरो कार्यालय बलरामपुर
बलरामपुर सेमरसोत अभ्यारण्य में संरक्षित वन्यजीवों के संरक्षण के लिए चलाए जा रहे सघन अभियान के तहत वन विभाग को बड़ी सफलता मिली है वन विभाग की टीम ने संरक्षित वन्यजीव बार्किंग डियर (कोटरी) के अवैध शिकार का पर्दाफाश करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से बार्किंग डियर का मृत शव बरामद किया गया है।
जानकारी के अनुसार उप निदेशक एलिफेंट रिजर्व सरगुजा श्रीनिवास तेनेटी के निर्देश एवं अधीक्षक सेमरसोत बी.एस. भगत के मार्गदर्शन में वन क्षेत्र में लगातार गश्त और निगरानी अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में रेंजर जगत राम मरावी के नेतृत्व में 5 अगस्त को मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर वन अमले ने ग्राम परती निवासी चंदन तथा ग्राम खटवाबरदर निवासी सुराजलाल को पकड़ लिया।
तलाशी के दौरान दोनों आरोपियों के कब्जे से संरक्षित वन्यजीव बार्किंग डियर (कोटरी) का मृत शव बरामद हुआ। प्रारंभिक जांच में यह स्पष्ट हुआ कि आरोपियों ने सेमरसोत अभ्यारण्य क्षेत्र में अवैध रूप से वन्यजीव का शिकार किया था। इसके बाद वन्यजीव (संरक्षण) अधिनियम, 1972 की धाराओं के तहत वन अपराध प्रकरण दर्ज कर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। और न्यायालय में प्रस्तुत करने के बाद न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया है।
वन विभाग ने बताया कि मामले की विस्तृत विवेचना जारी है। शिकार में प्रयुक्त औजार एवं अन्य संभावित संलिप्त व्यक्तियों की भी जांच की जा रही है। दोषियों के विरुद्ध कानून के अनुसार कार्रवाई की जाएगी।
इस कार्रवाई में गेम रेंज बलरामपुर का वन अमला सक्रिय रूप से शामिल रहा।

Categorized in: