अंबिकापुर। पति से विवाद व मारपीट के बाद शिक्षिका की 29 मई की रात फांसी पर लटकती लाश मिली थी। पति की रिपोर्ट पर पुलिस ने शव को बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया था। मृतका के स्वजनों ने पति पर उनकी बेटी की हत्या कर शव फांसी पर लटकाने का आरोप लगाया था। कहना था कि दामाद का दूसरी महिला से अवैध संबंध था, इसे लेकर दोनों के बीच अक्सर विवाद होता था, मारपीट की जाती थी। मामले में जांच के बाद सीतापुर पुलिस ने आत्महत्या के लिए उत्प्रेरित करने के आरोप में आरोपी पति को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।

जानकारी के मुताबिक सीतापुर निवासी रूपलता गुप्ता हाईस्कूल में शिक्षिका थी, उसकी शादी अटल आवास निवासी संतोष सोनी से हुई थी, दोनों के 3 बच्चे हैं। संतोष सोनी का किसी दूसरी महिला से प्रेम संबंध था, यह बात जब रूपलता को पता चली तो उसने पति को समझाइश दी। इसे लेकर दोनों के बीच विवाद व मारपीट होने लगा। जुलाई 2022 में शिक्षिका ने पति के खिलाफ मारपीट की रिपोर्ट भी थाने में दर्ज कराई थी, लेकिन स्वजनों की समझाइश के बाद दोनों में समझौता हो गया था। इसी बीच पिछले महीने 28 मई को पति-पत्नी के बीच जमकर विवाद हुआ, यह देख बच्चों ने सीतापुर थाने में सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों को समझाइश देकर मामला शांत कराया। पुलिस के जाते ही दोनों में फिर विवाद होने लगा। इसी बीच 29 मई की देर रात को अटल आवास स्थित कमरे में शिक्षिका रूपलता का शव फांसी पर लटकता मिला। इसकी सूचना पति ने थाने में दी थी। पुलिस ने पंचनामा व पोस्टमार्टम के बाद शव स्वजनों को सौंप दिया था। मामले में मृतका के स्वजनों ने पति संतोष सोनी पर हत्या कर शव फांसी पर लटकाने का आरोप लगाया था।

Categorized in: