आईटीआई में जनजातीय महापुरुषों के जीवन पर आधारित प्रदर्शनी का आयोजन
अंबिकापुर। शासकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्था में 21 अक्टूबर, सोमवार को जनजातीय समाज के गौरवशाली अतीत कार्यक्रम के अंतर्गत जनजातीय महापुरुषों के जीवन पर आधारित प्रदर्शनी का उद्घाटन सहायक आयुक्त देवराम प्रसाद नागेश, आदिवासी विभाग के द्वारा किया गया। अपने उद्बोधन में उन्होंने कहा कि जनजातीय समाज के बारे गलत धाराणाएंं आरोपित की गई हैं, जबकि जनजातीय समाज अपनी समृद्ध परंपराओं के संरक्षण एवं संवर्धन हेतु सदा से जागरुक रहा है। जनजातीय समाज ने जल, जंगल एवं संस्कृति की रक्षा के लिए असाधारण शौर्य एवं पराक्रम दिखाया है, हम सबको जनजाति महानायकों के जीवन से प्रेरणा लेकर सकारात्मक दिशा में सामर्थ्य को लगाना चाहिए। उन्होंने प्रश्नोत्तरी एवं निबंध प्रतियोगिता का भी अवलोकन किया। नृत्य प्रतियोगिता में शासकीय महिला औद्योगिक प्रशिक्षण संस्था के प्रशिक्षणार्थियों ने अपना प्रदर्शन प्रस्तुत किया, जिसमें संस्था की प्राचार्य पूर्णिमा पटेल एवं अभिसारिका सिंह भी शामिल रहे। सांस्कृतिक कार्यक्रम की मुख्य अतिथि फुलेश्वरी पैकरा ने प्रशिक्षणार्थियों को प्रोत्साहित करते हुए कहा कि जनजातीय समाज के गौरवशाली अतीत कार्यक्रम के माध्यम से समाज में चेतना का जागरण होता है। उन्होंने नृत्य प्रतियोगिता की सराहना की। प्रदर्शन कार्यक्रम की संयोजक संतोष त्रिपाठी ने आभार व्यक्त किया एवं आगामी कार्यक्रम की जानकारी देते हुए सबकी सहभागिता का आग्रह किया। इस अवसर पर संस्था के प्रभारी प्राचार्य राजेश सोनी एवं कार्यक्रम के सहसंयोजक अनवील विमोन मिंज सहित संस्था के समस्त प्रशिक्षण अधिकारी, कर्मचारी और प्रशिक्षणार्थी शामिल रहे।

Categorized in: