अंबिकापुर। सरगुजा जिले की प्रतिभाशाली बास्केटबॉल खिलाड़ी दीपशिखा एक्का ने अपने उत्कृष्ट खेल प्रदर्शन के दम पर एनएफआर (उत्तर सीमांत रेलवे) गुवाहाटी, असम में नौकरी प्राप्त कर जिले एवं छत्तीसगढ़ का नाम रोशन किया है। उनकी इस उपलब्धि से पूरे सरगुजा जिले और सरगुजा जिला बास्केटबॉल संघ में हर्ष का माहौल है।

राष्ट्रीय कोच राजेश प्रताप सिंह ने बताया कि दीपशिखा एक्का दरिमा थाना क्षेत्र के ग्राम सखौली की निवासी हैं। इनमें बचपन से ही खेल प्रति लगन था। वर्ष 2015 में, जब वह कस्तूरबा गांधी बालिका आवासीय विद्यालय में कक्षा 7वीं की छात्रा थी, तब सरगुजा जिला बास्केटबॉल संघ द्वारा आयोजित टैलेंट सर्च प्रोग्राम के तहत प्रतिभा को पहचानते हुए बास्केटबॉल खेल के लिए उनका चयन किया गया, साथ ही बास्केटबॉल खेल का प्रारंभिक ट्रेनिंग कराया गया। इसके पश्चात सरगुजा जिला बास्केटबाल संघ के द्वारा स्पेशल ग्रुप ट्रायल कराया गया, और साईं अकादमी, राजनांदगांव के लिए चयन हुआ। यहां आवासीय पढ़ाई के साथ एडवांस बास्केटबॉल ट्रेनिंग अंतर्राष्ट्रीय कोच राजेश्वर राव के देखरेख में उन्होंने प्राप्त किया। कठोर प्रशिक्षण के बीच दीपशिखा राष्ट्रीय स्तर की विभिन्न बास्केटबॉल प्रतियोगिताओं में भाग ली और कई पदक जीतकर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया। निरंतर उत्कृष्ट प्रदर्शन के आधार पर इन्हें नॉर्थ फ्रंटियर रेलवे (एनएफआर) गुवाहाटी, असम में नियुक्ति प्राप्त हुई। दीपशिखा की यह सफलता न केवल उनके परिवार के लिए, बल्कि पूरे सरगुजा जिले और सरगुजा जिला बास्केटबॉल संघ के लिए एक बड़ी उपलब्धि है। ग्रामीण क्षेत्र से निकलकर राष्ट्रीय स्तर तक पहुंचना और रेलवे में चयनित होना यह दर्शाता है कि सरगुजा की बेटियां खेल के क्षेत्र में लगातार नई ऊंचाइयां छू रही हैं। उपलब्धि के इस सफर में सरगुजा के राष्ट्रीय कोच राजेश प्रताप सिंह का बड़ा मार्गदर्शन व स्वयं की मेहनत ने दीपशिखा को राष्ट्रीय मंच प्रदान कराया। सरगुजा जिला बास्केटबाल संघ के तत्वावधान में टैलेंट सर्च प्रोग्राम के तहत इसे बड़ी सफलता माना जा रहा है। सरगुजा जिला बास्केटबॉल संघ के अध्यक्ष व पदाधिकारियों एवं प्रशिक्षकों ने दीपशिखा एक्का को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि उनकी यह उपलब्धि आने वाली युवा खिलाड़ियों के लिए प्रेरणा का स्रोत बनेगी।

Categorized in: