अंतिम मतदाता सूची सामने आने के बाद कांग्रेस जिलाध्यक्ष ने की पत्रकारों से चर्चा

अंबिकापुर। मतदाता सूचियों के गहन पुनरीक्षण की प्रक्रिया उपरांत शनिवार को जारी अंतिम मतदाता सूची के सामने आने के बाद कांग्रेस जिलाध्यक्ष बालकृष्ण पाठक ने कहा कि फार्म-7 के माध्यम से भाजपा ने मतदाताओं के जिन नामों को काटने का दुर्भावनापूर्ण प्रयास किया, वो विफल हो गया है। जिला कांग्रेस कमेटी कार्यालय राजीव भवन में आयोजित प्रेसवार्ता में उन्होंने प्रशासन से मांग की है कि फार्म-7 के माध्यम से दुर्भावनापूर्ण तरीके से वैध मतदाताओं के नाम कटवाने का प्रयास करने वाले भाजपा कार्यकर्ताओं पर जन प्रतिनिधित्व अधिनियम 1950 की धारा 31 और भारतीय न्याय संहिता की धारा 212 एवं अन्य सुसंगत धाराओं के अन्तर्गत कार्रवाई की जाए।
कांग्रेस जिला अध्यक्ष ने कहा कि मतदाता सूचियों के गहन पुनरीक्षण की प्रक्रिया के दौरान भाजपा के कार्यकर्ताओं ने संगठित रुप से जिले के हजारों वैध मतदाताओं के नाम को कटवाने के लिए फार्म 7 के अन्तर्गत आवेदन दिया था। इसे लेकर लगातार कांग्रेस का प्रतिनिधिमंडल जिलाध्यक्ष बालकृष्ण पाठक के साथ ही निगम में नेता प्रतिपक्ष शफी अहमद के नेतृत्व में प्रशासन से मिलकर भाजपा के इस संगठित और अवैध प्रयास के विरोध में साक्ष्य सहित अपना आवेदन दिया था।

कांग्रेस जिलाध्यक्ष ने प्रेसवार्ता में आरोप लगाया कि एसआइआर की पूरी प्रक्रिया का उपयोग कर भाजपा अपने मनमुताबिक मतदाता सूची को तैयार करने के प्रयास में थी। इसके तहत भाजपा ने ऐसे मतदान केन्द्रों को चुनकर जहां कांग्रेस को लीड मिलती थी, वहां के कांग्रेस समर्थक मतदाताओं का नाम कटवाने का प्रयास किया, लेकिन कांग्रेस पार्टी के सक्रिय बीएलए, मंडल अध्यक्ष, ब्लॉक अध्यक्ष एवं अन्य कार्यकर्ताओं के सामूहिक प्रयास के फलस्वरुप भाजपा का यह प्रयास सफल नहीं हुआ। बालकृष्ण पाठक ने कहा कि एसआइआर में पार्टी की सक्रियता का श्रेय पूर्व उपमुख्यमंत्री टीएस सिंहदेव को जाता है, जिन्होंने पूरे जिले के कार्यकर्ताओं के साथ 6 बार समीक्षा बैठक कर उन्हें हर चुनौतियों से निपटने के लिए तैयार किया। इस दौरान मो. इस्लाम, इरफान सिद्दीकी, इंद्रजीत सिंह धंजल, दुर्गेश गुप्ता, अतुल तिवारी, जमील खान, रशीद अहमद, नरेन्द्र विश्वकर्मा आशीष जायसवाल उपस्थित थे।

जिले में 72000 मतदाताओं की संख्या में गिरावट
कांग्रेस जिलाध्यक्ष ने कहा है कि जनवरी 2025 की तुलना में जारी मतदाता सूची के अनुसार जिलेभर में लगभग 72000 मतदाताओं की संख्या में गिरावट आई है। निर्वाचन विभाग के अनुसार मतदाताओं के स्थानांतरित होने, मृत्यु होने या अनुपस्थित होने के कारण इसमें यह गिरावट आई है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस मतदान केन्द्रों के अनुसार इसकी जांच प्रारंभ करेगी। प्रदेश कांग्रेस के उपाध्यक्ष जेपी श्रीवास्तव ने कहा भाजपा ने जिन वैध मतदाताओं के नाम को कटवाने के लिए फार्म-7 दिए थे, उनका नाम मतदाता सूची में यथावत रहना प्रथम दृष्टया दर्शाता है कि फार्म-7 दुर्भावनापूर्ण तरीके से दिए गए थे। इस संगठित प्रयास को लेकर या तो प्रशासन कार्रवाई करे अन्यथा पार्टी का लीगल सेल इस मामले में न्यायालय जाएगा। उन्होंने कहा कि पूरे देश में ऐसे उदाहरण मौजूद हैं कि, भाजपा लगातार ऐसी प्रवृत्ति अपनाकर मतदाता सूचियों में गड़बड़ी कर चुनाव जीत रही है, लेकिन वे सरगुजा में पकड़े गए हैं, और हम इस मामले को कानूनी रास्ते पर ले जाएंंगे।

Categorized in: