एसपी-एएसपी के आवास के पास हुई वारदात का नजारा सीसीटीव्ही में कैद
अंबिकापुर। शहर के गांधी चौक में व्हीआईपी कॉलोनी के पास स्थित प्रीमियम विदेशी मदिरा दुकान में रविवार को दो युवकों के द्वारा गालीगलौज करते हुए पत्थरबाजी करने और जमकर उत्पात मचाने का मामला प्रकाश में आया है। युवकों ने शराब दुकान के पास खड़ी गार्ड की मोटरसायकल में तोड़फोड़ किया। घटनास्थल से लगा कैबिनेट मंत्री, अंबिकापुर विधायक राजेश अग्रवाल और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक और ठीक सामने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सरगुजा का आवास है। इसकी परवाह न करते हुए शराब लेने के लिए पहुंचे युवकों ने जिस प्रकार दबंगई दिखाने का दुस्साहस किया, वह कमजोर पुलिसिंग को इंगित कर रहा है।
जानकारी के मुताबिक रविवार को गांधी चौक, डाटा सेंटर भवन में स्थित प्रीमियम विदेशी मदिरा दुकान का संचालन नियत समय पर बंद कर दिया गया था। दो युवक रात 10 बजे के बाद स्कूटी से शराब लेने के लिए पहुंचे। दुकान बंद होने के कारण दोनों आक्रोशित हो गए, और गालीगलौज करते हुए पहले सड़क के किनारे खड़ी सुरक्षा गार्ड की बाइक को उठाकर पटक दिया। इसके बाद दुकान में पथराव करने लगे। घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। घटना सामने आने के बाद सवाल यह उठ रहा है कि शराब दुकान के बगल में मंत्री राजेश अग्रवाल और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक के साथ ठीक चौक पर घटनास्थल के सामने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक का बंगला है। अधिकतर बंगलों में सुरक्षा प्रहरियों की तैनाती रहती है। वहीं शहर के वाह्य मार्गों को मिलाने वाला प्रमुख चौक होने के कारण इस मार्ग से लोगों का आना-जाना होते रहता है। इसके बाद भी बिना किसी डर, भय के दबंगई का परिदृश्य सामने आया है। इसकी जानकारी मिलने पर देर रात जिला आबकारी अधिकारी मौके पर पहुंचे। घटना के सामने आने के बाद लोगों का कहना है कि प्रीमियम शराब दुकान खुलने के बाद यहां शराब लेने के लिए बिगड़ैल रईसों का आना-जाना होता है, जो देर रात तक दुकान के आसपास महंगी शराब पीने के बाद मंडराते रहते हैं। शराब दुकान के कारण गांधी चौक जैसे संवेदनशील इलाके में कानून-व्यवस्था की स्थिति लगातार बिगड़ रही है।
बयान
रविवार की रात को दो युवकों ने प्रीमियम शराब दुकान बंद होने के बाद वारदात को अंजाम दिया है। विभाग के दरोगा के माध्यम से इसकी सूचना गांधीनगर थाना पुलिस को दे दी गई है। आरोपियों की करतूत सीसीटीव्ही में कैद हो गई है, जिससे इनकी पहचान की जा सकती है।
एलके गायकवाड़, जिला आबकारी अधिकारी सरगुजा

Categorized in: