भटगांव/जरही। अंबिकापुर-बनारस स्टेट हाईवे में प्रतापपुर थाना क्षेत्र के ग्राम गोंदा व दुरती के बीच शुक्रवार को तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पेड़ से टकरा गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार के परखच्चे उड़ गए, वहीं इसमें सवार दो दोस्तों की मौके पर मौत हो गई। घटना की सूचना मिलने पर पहुंची प्रतापपुर पुलिस ने जेसीबी की मदद से कार में फंसे युवकों का शव बाहर निकलवाया और पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भिजवाया। दोनों के मौत की खबर जैसे ही स्वजन को हुई, मातम का माहौल बन गया।
जानकारी के मुताबिक सूरजपुर जिले के प्रतापपुर थाना अंतर्गत ग्राम गोंदा निवासी फुलेश्वर राजवाड़े 21 वर्ष व रामकुमार रजक 18 वर्ष दोस्त थे। दोनों शुक्रवार को कार से जरही गए थे। वहां से काम निपटाकर दोनों घर लौट रहे थे। दोपहर करीब 12.30 बजे अंबिकापुर-बनारस मार्ग पर ग्राम गोंदा व दुरती के बीच बांस बाड़ी मोड़ पर कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पेड़ से जा टकराई। हादसा इतना जबरदस्त था कि वाहन के परखच्चे उड़ गए, दोनों युवकों की मौके पर मौत हो गई। युवकों का शव वाहन में फंसा रह गया। घटना की जानकारी प्रतापपुर पुलिस को घटना स्थल के आसपास मौजूद लोंगों ने दी। कार में फंसे दोनों युवकों के शव को जेसीबी की मदद से निकलवाने के बाद प्रतापपुर थाना की पुलिस ने अस्पताल भिजवाया। दुर्घटना की वजह सड़क में बने गड्ढे में तेज रफ्तार कार का चक्का पड़ना बताया जा रहा है।

Categorized in: