एनएच-130 में देर रात हुआ हादसा, कार छोड़कर भागे सवार

अंबिकापुर/लखनपुर। अंबिकापुर-बिलासपुर मुख्यमार्ग में थाना क्षेत्र अंतर्गत नवापारा अमगसी मोड़ के पास बीती रात तेज रफ्तार कार ने बाइक सवारों को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर के बाद कार ने बाइक सवार युवकों को कुछ दूर तक घसीटा। बाइक में सवार दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, वहीं एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल युवक का मेडिकल कॉलेज अस्पताल में उपचार चल रहा है। घायल युवक की हालत नाजुक बताई जा रही है।

जानकारी के मुताबिक लखनपुर थाना क्षेत्र के ग्राम मांजा निवासी पटेल बरगाह पिता कलम साय 20 वर्ष अपने दोस्त सुरेश दास पिता घूरन दास 19 वर्ष व चमन पिता सुखन राम 20 वर्ष के साथ मोटरसाइकिल क्रमांक सीजी 15 डीएक्स 4617 से लखनपुर में छोटे भाई धीरज यादव को लेने रात करीब 7.30 बजे बस स्टैंड लखनपुर गया था। देर रात 10.30 से 11.30 बजे के बीच धीरज के नहीं मिलने पर तीनों मोटरसाइकिल से वापस घर मांजा आने निकले थे, इस दौरान नवापारा अमगसी चौक के पास अंबिकापुर की ओर से आ रही कार क्रमांक सीजी 15 ईए 5067 के चालक ने तेज रफ्तार में लापरवाही पूर्वक वाहन चलाते हुए मोटरसाइकिल सवारों को जोरदार ठोकर मार दिया। दुर्घटना के बाद कुछ दूर तक मोटरसाइकिल सवार एक युवक को कार का चालक खींचते ले गया, बाद में कार मौके पर छोड़कर सवार फरार हो गए। एक्सीडेंट की सूचना मिलने पर वह नवापारा अमगसी चौकपहुंचे तो पटेल बरगाह, सुरेश व चमन रोड में गंभीर हालत में पड़े थे। दुर्घटना की सूचना राहगीरों ने संजीवनी 108 को दी थी। संजीवनी एंबुलेंस के साथ ईएमटी हरीश रजक व चालक बैतुल्लाह ने तीनों को लखनपुर स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, यहां चिकित्सक ने पटेल साय व सुरेश पनिका को जांच के बाद मृत घोषित कर दिया। चमन यादव को गंभीर हालत में मेडिकल कॉलेज अस्पताल अंबिकापुर में भर्ती किया गया है। सूरज यादव की रिपोर्ट पर पुलिस ने आरोपी कार चालक के विरूद्ध धारा 279, 337, 304-ए का मामला दर्ज किया है। लखनपुर पुलिस ने शव को पंचनामा, पोस्टमार्टम के बाद स्वजनों को सौंप दिया है। घटना के बाद से स्वजनों सहित क्षेत्र में शोक का माहौल है।

कार सवार के तलाश में लगी पुलिस
लखनपुर थाना पुलिस ने घटनास्थल से कार एवं बाइक को जब्त किया है। वाहनों की हालत देखकर अंदाजा लगाया जा रहा है कि हादसे के दौरान कार काफी तेज रफ्तार में थी। कार के सामने के दोनों एयरबैग खुल गए हैं। बहरहाल पुलिस कार चालक के खिलाफ अपराध दर्ज कर उसके तलाश में लगी है।

Categorized in: