देश की आर्थिक राजधानी मुंबई से एक हैरान कर देने वाली घटना सामने आई है। बहस के दौरान एक शख्स ने दूसरे शख्स के चेहरे पर इतनी जोर से थप्पड़ मारा कि उसका संतुलन बिगड़ गया और वह रेलवे स्टेशन की पटरियों पर गिर पड़ा। उसने वापस ऊपर चढ़ने की पूरी कोशिश की, लेकिन चढ़ नहीं पाया और सामने से आ रही ट्रेन उसके ऊपर से गुजर गई। यह रोंगटे खड़े कर देने वाला वीडियो अब वायरल हो रहा है। मृतक की उम्र 26 वर्ष थी। रविवार को हुई यह घटना रात करीब 9:15 बजे सायन स्टेशन की है। पीड़ित की पहचान दिनेश राठौड़ के रूप में हुई है, जो महाराष्ट्र राज्य परिवहन (एसटी) निगम में कार्यरत था।

एनडीटीवी की रिपोर्ट के मुताबिक, 35 वर्षीय अविनाश माने और 31 वर्षीय उसकी पत्नी शीतल माने सायन रेलवे स्टेशन पर ट्रेन से उतरे थे। वे पूर्वी मुंबई के उपनगर मानखुर्द जाने की योजना बना रहे थे। पुलिस ने कहा कि शीतल माने को कथित तौर पर मृतक दिनेश राठौड़ ने धक्का दिया था। इसी को लेकर दोनों के बीच बहस छिड़ गई। महिला ने उस व्यक्ति पर छाते से भी हमला किया। इस मौके पर पति भी झगड़ने लगा। महिला के पति ने मृतक को इतनी जोर से थप्पड़ मारा कि वह शख्स प्लेटफॉर्म से नीचे पटरियों पर गिर गया। तभी भीड़ इकट्ठी हो गयी।

लेकिन जैसे ही ट्रेन करीब आती दिखती है, वैसे ही सभी लोग पीछे हट जाते हैं। पीड़ित ऊपर चढ़ने की तमाम कोशिश करता है लेकिन चढ़ नहीं पाता और ट्रेन के नीचे आने से उसकी दर्दनाक मौत हो जाती है। पुलिस ने बताया कि उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना का भयावह वीडियो वायरल हो रहा है।

घटना के बाद दंपती मौके से भाग गए। सीसीटीवी फुटेज और गवाहों द्वारा दी गई जानकारी के आधार पर पुलिस ने धारावी इलाके से अविनाश माने को गिरफ्तार किया और बाद में उसकी पत्नी को भी गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने कहा कि दंपति पर गैर इरादतन हत्या का आरोप लगाया गया है।

Categorized in: