अंबिकापुर। छत्तीसगढ़ श्रम आयोग के चेयरमैन कैबिनेट मंत्री शफी अहमद के विशेष प्रयास के तहत सोमवार को बरेज तालाब में साफ-सफाई के लिए श्रमदान कार्यक्रम का आयोजन किया गया। शहर भर के लोगों ने यहां श्रमदान किया। जाकिर हुसैन वार्ड अंतर्गत आने वाले बरेज तालाब का इतिहास काफी पुराना है। जानकारों की मानें तो लगभग 200 साल पुराना यह तालाब अतीत की काफी यादों को अपने में समेटे हुए है। आज भी इस तालाब के तट पर कोई भी त्योहार हो आसपास के लोग पूजा-पाठ करते हैं और मछलियों को दाना खिलाते हैं। शहर के बीचों-बीच स्थित इस तालाब के चारों ओर राज्य सरकार के द्वारा लाखों रुपये खर्च कर सौंदर्यीकरण कार्य कराया जा रहा है, जो लगभग पूर्णता की ओर है। इस बीच श्रमदान कर आम जनता ने तालाब के अंदर फैली गंदगी को सफाई की और यह संदेश दिया कि शहरवासी आज भी सफाई के मामले में प्रदेश में नंबर वन हैं। इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री शफी अहमद ने कहा शहर को साफ रखना हर नागरिक का कर्तव्य है, क्योंकि हमारी पहचान हमारा शहर है। बरेज तालाब में श्रमदान करने के लिए आम शहर वासियों का आना बड़ी बात है। उन्होंने कहा बदलते समय में शहर के बीचों-बीच स्थित यह तालाब आम लोगों के बैठने व घूमने के लिए एकमात्र स्थान है। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल की पहल पर वर्तमान में निगम अंतर्गत आने वाले सभी बड़े तालाबों का सौंदर्यीकरण हो रहा है, जिसमें बरेज तालाब भी शामिल है। इस अवसर पर छत्तीसगढ़ औषधि बोर्ड के अध्यक्ष बालकृष्ण पाठक, महापौर डॉ. अजय तिर्की, कांग्रेस जिला अध्यक्ष राकेश गुप्ता, वरिष्ठ कांग्रेसी अरविंद सिंह गप्पू, नसीम खान, वरिष्ठ अधिवक्ता जनार्दन त्रिपाठी, जिला प्रवक्ता गुरुप्रीत सिंह सिद्धू, शैलेंद्र सोनी, मो. कलीम, पिक्कु खान, हसीब खान, तनवीर हसन, काजू खान, तबरेज कादरी सहित काफी संख्या में आम नागरिक उपस्थित थे।

Categorized in: