अम्बिकापुर –
छत्तीसगढ़ में पुलिसकर्मियों और आम लोगों के बीच तनाव बढ़ता जा रहा है। अब बलरामपुर में एक दरोगा ने दो लड़कों की बेरहमी से सड़क पर पिटाई कर दी। दोनों लड़कों की गलती सिर्फ इतनी थी कि वह बाइक लेकर सड़क पर खड़े थे। इस दौरान थानेदार ने उन्हें हॉर्न देकर हटने के लिए कहा। इसमें थोड़ी देर हो गई तो थानेदार ने लड़कों को लात-घूंसों से पीट-पीटकर लहूलुहान कर दिया। घटना में एक युवक को गंभीर चोट आई है। उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मामला वाड्रफनगर चौकी क्षेत्र का है।

बाइक स्टार्ट नहीं हुई तो गाड़ी से उतरकर पीटा
जानकारी के मुताबिक, दो लड़कों ने मेडिकल स्टोर से दवाई खरीदी और बाइक लेकर जाने के लिए निकले। इस दौरान दोनों श्याम चौक पर खड़े थे। तभी वहां से वाड्रफनगर चौकी प्रभारी विनोद पासवान निकले। उन्होंने अपनी गाड़ी का हॉर्न बजाया और लड़कों को वहां से हटने के लिए कहा। इस पर लड़कों ने बाइक स्टार्ट करने का प्रयास किया, लेकिन वह नहीं हुई। बाइक हटाने में थोड़ी देर लगने से चौकी प्रभारी पासवान भड़क गए। गुस्से में अपनी गाड़ी से उतरे और दोनों लड़कों से मारपीट शुरू कर दी।

घटना रविवार की बताई जा रही है। वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने और सामने आने के बाद भी पुलिस अफसरों ने चुप्पी साध रखी है। अभी तक इस मामले में कोई कार्रवाई नहीं हुई है। वीडियो में दिख रहा है कि चौकी प्रभारी पासवान दोनों लड़कों को किसी तरह से पीट रहे हैं।

Categorized in: