आजाद सेवा संघ ने प्राचार्य को 5 सूत्रीय मांग पत्र सौंपा, पोर्टल शुल्क बंद करने की मांग

अंबिकापुर। आजाद सेवा संघ ने बुधवार को राजीव गांधी स्नातकोत्तर महाविद्यालय की अव्यवस्थाओं के खिलाफ हुंकार भरी। प्रदेश सचिव रचित मिश्रा के अगुवाई में दर्जनों छात्रों ने कॉलेज पहुंचकर प्राचार्य को 5 सूत्रीय मांगों को लेकर ज्ञापन सौंपा और कैंपस के बिगड़ते माहौल पर गहरी चिंता व्यक्त की।

ज्ञापन सौंपने के दौरान रचित मिश्रा ने सीधे तौर पर कॉलेज की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े किए। उन्होंने कहा कि कॉलेज परिसर शिक्षा का मंदिर है, लेकिन ड्रेस कोड और पहचान पत्र की अनिवार्यता नहीं होने की वजह से यहां बाहरी असामाजिक तत्वों का आना-जाना बढ़ गया है। इससे छात्र-छात्राएं खुद को असुरक्षित महसूस कर रहे हैं। संघ ने मांग की है कि गेट पर चेकिंग सख्त हो और हर आगंतुक का रिकॉर्ड रजिस्टर में दर्ज किया जाए।

छात्रों की शैक्षणिक समस्याओं को उठाते हुए संघ ने बताया कि पांचवें सेमेस्टर एटीकेटी के परिणाम अब तक घोषित नहीं हुए हैं। इस देरी के कारण छात्रों का कीमती साल बर्बाद होने के कगार पर है, क्योंकि वे आगे पीजी में दाखिला नहीं ले पा रहे हैं। रचित मिश्रा ने प्रशासन को चेतावनी दी कि 3 दिनों के भीतर रिजल्ट जारी नहीं किए गए, तो छात्र चुप नहीं बैठेंगे।

संघ ने कॉलेज पोर्टल पर फॉर्म भरने के नाम पर लिए जा रहे अतिरिक्त 5 रुपये के शुल्क को अवैध वसूली करार दिया। छात्रों का कहना है कि एक तरफ तो कॉलेज भारी-भरकम फीस वसूलता है, दूसरी ओर छोटे-छोटे चार्ज लगाकर छात्रों पर अतिरिक्त बोझ डाला जा रहा है। जिन छात्रों ने आईडी कार्ड के पैसे जमा कर दिए हैं, उन्हें महीनों बाद भी कार्ड नहीं मिलना कॉलेज की सुस्त कार्यप्रणाली को दर्शाता है। ज्ञापन सौंपाते समय विकास, विवेक, सक्षम, अभिजीत, प्रिंस, विनय, अभय, सोनू, भोलू उपस्थित रहे।

छात्रहितों से समझौता मंजूर नहीं
प्रदेश सचिव रचित मिश्रा ने दो टूक शब्दों में कहा हम प्रशासन को समय दे रहे हैं कि वे शांतिपूर्वक इन मांगों को पूरा करें। अगर हमारे धैर्य की परीक्षा ली गई और जल्द ही सुधार नहीं हुआ, तो आजाद सेवा संघ कॉलेज परिसर में उग्र आंदोलन और तालाबंदी करेगा। छात्र हितों से समझौता हम किसी भी कीमत पर नहीं करेंगे।

Categorized in: