जिले भर में बैंक, एटीएम और ज्वेलर्स दुकानों का औचक निरीक्षण  

संदिग्धों से कड़ी पूछताछ, सुरक्षा व्यवस्था को लेकर कड़े निर्देश

अंबिकापुर। सरगुजा जिले के सीतापुर में ज्वेलरी दुकान में हुई एक करोड़ की जेवरात चोरी की घटना के बाद सरगुजा पुलिस पूरी तरह अलर्ट मोड में आ गई है। आपराधिक घटनाओं की रोकथाम और वित्तीय संस्थानों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए डीआईजी एवं एसएसपी सरगुजा राजेश अग्रवाल के निर्देश पर जिले भर में बैंकों, एटीएम और सर्राफा दुकानों का औचक निरीक्षण अभियान चलाया जा रहा है। डीआईजी एवं एसएसपी ने जिले के समस्त थाना/चौकी प्रभारियों को निर्देश दिए हैं कि वे अपने क्षेत्र में स्थित सभी आभूषण दुकानों, राष्ट्रीयकृत और निजी बैंकों, एटीएम एवं अन्य वित्तीय संस्थानों की औचक जांच करें और सुरक्षा इंतजामों की समीक्षा करें। इसी क्रम में सोमवार को जिले के सभी थाना/चौकी प्रभारियों के नेतृत्व में पुलिस टीमों ने वित्तीय संस्थानों का औचक निरीक्षण किया।

पुलिस ने दिए ये अहम निर्देश

सभी बैंक प्रबंधकों और ज्वेलर्स दुकान संचालकों को हाई फ्रीक्वेंसी वाले सीसीटीवी कैमरे सक्रिय रखने के निर्देश दिए गए। साथ ही वित्तीय संस्थानों में आपातकालीन अलार्म सिस्टम लगाने को कहा गया ताकि बंद होने के बाद अनाधिकृत प्रवेश की तुरंत जानकारी मिल सके। बैंकों और ज्वेलर्स दुकानों में तैनात गार्डों को मुस्तैद रहने और सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए। एटीएम में भी सुरक्षा गार्ड की अनिवार्य तैनाती पर जोर दिया गया। बैंक परिसर और ज्वेलर्स दुकानों के आसपास अनावश्यक रूप से घूम रहे व्यक्तियों से कड़ी पूछताछ की गई। सुरक्षा पंजी में की गई टिप्पणियों का अक्षरश: पालन करने कहा गया। डीआईजी एवं एसएसपी ने पुलिस पेट्रोलिंग टीमों को वित्तीय संस्थानों और ज्वेलर्स दुकानों के आसपास प्रभावी पेट्रोलिंग करने और संदिग्ध गतिविधियों पर पैनी नजर रखने के निर्देश दिए हैं।

तत्काल सूचना देने की अपील  

पुलिस ने बैंक प्रबंधकों और दुकान संचालकों से कहा कि परिसर में किसी भी प्रकार की संदिग्ध गतिविधि दिखने पर तुरंत डॉयल 112 या संबंधित थाना/चौकी प्रभारी के मोबाइल नंबर पर सूचना दें। सरगुजा पुलिस का यह अभियान आपराधिक घटनाओं पर प्रभावी रोकथाम और आम जनता में सुरक्षा का भाव बढ़ाने के उद्देश्य से चलाया जा रहा है।

सर्राफा एसोसिएशन ने आईजी से हस्तक्षेप करने की मांग 

26 जुलाई को काशी विश्वनाथ ज्वेलर्स में हुई बड़ी चोरी के मामले में छत्तीसगढ़ सर्राफा एसोसिएशन ने पुलिस महानिरीक्षक, सरगुजा रेंज से मुलाकात करके उन्हें ज्ञापन सौंपा और त्वरित और सख्त कार्रवाई करने की मांग की है।

एसोसिएशन ने पत्र में उल्लेख किया है कि, चोरी कर इस वारदात में दुकानदार अरुण देव सोनी के जीवन भर की जमा पूंजी खत्म हो गई है। सोना-चांदी के सारे आभूषण चोरी होने से पूरा परिवार सदमे में है। पत्र में उल्लेख किया गया कि पूर्व में रामानुजगंज में हुई सराफा डकैती में उनके त्वरित निर्देशों से पूरा माल बरामद करने में सफलता मिली थी, और दोषियों पर कार्रवाई हुई थी। आईजी से एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने आग्रह किया है कि, सीतापुर की घटना को भी गंभीरता से लेते हुए चोरी गए संपूर्ण माल की शीघ्र बरामदगी के लिए उचित निर्देश दिए जाएं, ताकि पीड़ित परिवार को राहत मिल सके। ज्ञापन सौंपने के दौरान एसोसिएशन के संरक्षक हरी प्रसाद सोनी, जोन प्रभारी गोपेन्द्र सोनी, जिला प्रभारी निलेश सोनी सहित अन्य उपस्थित थे। आईजी ने इन्हें सकारात्मक पहल करने का आश्वासन दिया है।

Categorized in: