रायपुर से आये केंद्रीय उड़नदस्ता टीम के साथ आया था नगर सैनिक, अब तक 5 गिरफ्तार  

अंबिकापुर। नगर सैनिक से मारपीट करके रेत तस्करी में प्रयुक्त वाहन छुड़ाने के मामले में 02 विधि से संघर्षरत बालक एवं मुख्य आरोपी लड्डन खान को साइबर सेल एवं थाना गांधीनगर पुलिस टीम ने संयुक्त कार्रवाई करते हुये गिरफ्तार किया है। इसके पहले दो अन्य आरोपियों को गिरफ्तार करके पुलिस ने न्यायिक अभिरक्षा में भेजा था। आरोपी लड्डन के कब्जे से घटना के समय प्रयुक्त मोटरसायकल को पुलिस ने जप्त किया है।

बता दें कि, नगर सैनिक के पद पर खनिज शाखा रायपुर में कार्यरत तारकेश्वर वर्मा निवासी ग्राम महोदी तिल्दा खरोरा, रायपुर ग्रामीण ने 23 जून को थाना गांधीनगर में रिपोर्ट दर्ज कराया था कि, 22 जून को वह केंद्रीय उड़नदस्ता की टीम के साथ जांच हेतु सरगुजा संभाग आया था। इस दौरान उच्च अधिकारियों के निर्देश पर रेत से भरे वाहन को अभिरक्षार्थ कलेक्ट्रेट परिसर अंबिकापुर लेकर जा रहा था। वाहन को ले जाते समय चालक सोनू टोप्पो ने वाहन मालिक का नाम लड्डन खान बताते हुये नगर सैनिक को धमकाया था। रेत से भरे वाहन के साथ गांधी चौक सिग्नल में पहुंचने पर वाहन मालिक लड्डन खान भी मौके पर आ गया और गाड़ी को रुकवाया और सभी नगर सैनिक से गाली-गलौज और मारपीट करने लगे। इनके द्वारा नगर सैनिक की वर्दी फाड़ने की कोशिश की गई, और गाड़ी से उतार कर पीछे से पकड़ लिये। इसके बाद वाहन चालक रेत लोड वाहन लेकर फरार हो गया था। मामले में थाना गांधीनगर में धारा 191(2), 221, 121(1),132, 296, 351(3) बी.एन.एस. का अपराध दर्ज करके विवेचना में लिया गया।

डीआईजी एवं एसएसपी राजेश अग्रवाल ने थाना गांधीनगर एवं साइबर सेल पुलिस टीम को मामले में त्वरित कार्रवाई करके रेत तस्करों को शीघ्र गिरफ्तार करने के निर्देश दिए थे, इसी क्रम में पुलिस टीम ने 23 जून को दो आरोपियों को गिरफ्तार किया था। इसके बाद प्रकरण के फरार आरोपियों के तलाश में लगी पुलिस ने घेराबंदी करके मुख्य आरोपी लड्डन खान पिता खलील खान 43 वर्ष निवासी साईं मंदिर रोड वार्ड क्रमांक 01 भगवानपुर, थाना गांधीनगर एवं 02 विधि से संघर्षरत बालकों को कब्जे में लिया। पूछताछ में मुख्य आरोपी सहित विधि से संघर्षरत बालकों ने आरोप की स्वीकारोक्ति की है। पुलिस ने मुख्य आरोपी लड्डन खान को न्यायालय के समक्ष और विधि से संघर्षरत बालकों को किशोर न्याय बोर्ड के समक्ष पेश किया है। कार्रवाई में थाना प्रभारी गांधीनगर निरीक्षक प्रवीण कुमार द्विवेदी, उप निरीक्षक दिलीप दुबे, साइबर सेल प्रभारी सहायक उप निरीक्षक अजीत मिश्रा, प्रधान आरक्षक विकास सिन्हा, आरक्षक रमन मण्डल, राहुल सिंह, अमन पुरी, मनीष सिंह, सैनिक अनिल साहू सक्रिय रहे।

Categorized in: