पथ सुरक्षा-जीवन रक्षा के उद्देश्य को सार्थक करने असकला में हुआ जन-जागरूकता कार्यक्रम
अंबिकापुर। 36वां राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह 2025 के तहत पथ सुरक्षा-जीवन रक्षा के उद्देश्य को ध्यान में रखते हुए छत्तीसगढ़ राज्य आजीविका मिशन बिहान के प्रशिक्षण कक्ष, ग्राम पंचायत असकला जपं लुण्ड्रा में यातायात के प्रावधानों के संबंध में जन-जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। सरगुजा पुलिस अधीक्षक योगेश पटेल के मार्गदर्शन व अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अमोलक सिंह ढिल्लो के निर्देशन में आयोजित कार्यक्रम में यातायात प्रभारी रक्षित निरीक्षक तृप्ति सिंह राजपूत ने कहा कि सड़क हादसों को कम करने के समाधान के रूप में पूरे देश में 36वां राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह का आयोजन कर लोगों को जागरूक किया जा रहा है। साथ ही यातायात के नियमों के संबंध में विस्तृत जानकारी भी दी जा रही है, जिससे लोग यातायात के प्रति जागरूक हों, यातायात के नियमों का पालन करते हुए वाहन चलाएंं। इससे सड़क दुघर्टनाओं में कमी आएगी। वरिष्ठ समाजसेवी मंगल पाण्डेय संयोजक नवा बिहान सह निर्देशक चिराग सोशल वेलफेयर सोसायटी ने अपने उद्बोधन में कहा कि यदि युवा यातायात के नियमों का गंभीरता से पालन करते हुए वाहन चलाएंं तो सड़क दुघर्टनाओं में कमी होना संभव है। युवा समाजसेवी अनिल कुमार मिश्रा ने अपने उद्बोधन में कहा कि वाहन चालक दुपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट एवं चार पहिया वाहन चलाते समय सीट बेल्ट का उपयोग कर सड़क दुघर्टनाओं में कमी लाने में अपना योगदान सुनिश्चित करें। ब्रह्माकुमारी विद्या ने कहा कि वाहन चालकों को नशे की हालत में वाहन बिल्कुल नहीं चलाना चाहिए। नशे में हमारा मानसिक संतुलन ठीक नहीं रहता है। सड़क दुघर्टनाओं की संभावना बढ़ जाती है। जीवन काफी अमूल्य है। छत्तीसगढ़ के पैड मैन अंचल ओझा ने स्कूली बच्चों को समझाइश देते हुए कहा कि बगैर ड्राइविंग लायसेंस के दोपहिया एवं चार पहिया वाहन नहीं चलाना चाहिए। साथ ही माता-पिता 18वर्ष से कम आयु के लड़के और लड़कियों को वाहन चलाने की अनुमति न दें। सड़क पर वाहन चलाते समय सदैव यातायात नियमों का पालन करें। चौक-चौराहों पर खड़े रहने वाले ट्रैफिक पुलिस के इशारों पर नजर रखेें व ट्रैफिक नियमों को नहीं तोड़ें। कार्यक्रम को अमृता जायसवाल गायत्री परिवार, सुनिधि शुक्ला अध्यक्ष शियती सोशल वेलफेयर सोसायटी, ब्रह्माकुमारी अहिल्या, ममता, सरपंच गौरी सिंह, उपसरपंच चोलेश्वर यादव ने भी संबोधित किया। कार्यक्रम को सफल बनाने में ग्राम पंचायत सचिव इन्द्रमल साव, भूतपूर्व सरपंच राजेश्वर सिंह, खिलानन्द, ब्रम्हकुमारी सेवा केन्द्र के भाई-बहनों, नवा बिहान नशामुक्ति जागरूकता अभियान एवं परामर्श केंद्र टीम, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, सहायिका व मितानिन एवं पंचायत प्रतिनिधियों का सराहनीय योगदान रहा।

Categorized in: