3 सितंबर को मानी चौक में ग्रामीणों ने चक्काजाम का दिया था अल्टीमेटम

बिश्रामपुर। एसईसीएल क्षेत्र के रेहर, गायत्री, केतकी कोल माइंस से प्रभावित ग्राम के लोगों द्वारा 3 सितंबर को प्रस्तावित चक्काजाम सकारात्मक चर्चा उपरांत स्थगित कर दिया गया है। गौरतलब है कि एसईसीएल प्रभावित क्षेत्रों के लोगों द्वारा सड़क, बिजली व बस जैसे मूलभूत सुविधा की वर्षों पुरानी मांग पुरा नहीं होने पर 3 सितम्बर को मानी चौक में चक्काजाम किया जाना प्रस्तावित था। जिस पर एसईसीएल के अधिकारियों द्वारा आनन फानन में कमेटी तैयार कर प्रस्तावित गांव के जनप्रतिनिधियों के साथ शुक्रवार को एसईसीएल आरजीके सबएरिया कार्यालय में संयुक्त बैठक आहूत की गई। बैठक में उपस्थित जनप्रतिनिधियों को प्रबंधन की ओर से अवगत कराया गया कि सड़क के साइड सोल्डर में मैटेरियल गिराना शुरू कर दिए हैं। साथ ही बिजली के लिए हाई मास्क लाईट मानी चौक, गेतरा बस स्टैण्ड, सपकरा चौक व पोड़ी हाई स्कूल चौक के पास लगाने की सहमति दी गई है। क्षेत्र के विद्यार्थियों हेतु दो स्कूल बस सुविधा मुहैया करा दिया गया है। बैठक में प्रबंधन के अधिकारियों द्वारा ग्रामीणों की अन्य मूलभूत आवश्यकताओं की मांग को नियमानुसार पूर्ण करने सहमति दी गई है। चर्चा सकारात्मक होने पर जनप्रतिनिधियों व ग्रामीणों द्वारा आगामी 3 सितंबर को प्रस्तावित चक्काजाम आंदोलन को स्थगित कर दिया गया है। बैठक के दौरान एसईसीएल एसोसी खांगा राज, संजय सिंह, सर्वे अधिकारी अंजीत सिंह, मुख्य अभियंता राकेश कुमार, सबयरिया मैनेजर दिलीप मिश्रा, कार्मिक अधिकारी श्री साव, रेहर खान प्रबंधक एके वर्मा, गायत्री खान प्रबंधक संजय मिश्रा एवं जनप्रतिनिधियों में दरोगा सिंह, देवकुमार, गिरधारी राम, अमित कुमार, सोनू यादव, संजय, उमाशंकर देवांगन सहित अन्य उपस्थित थे।

Categorized in: