जनजातीय गौरव दिवस समारोह को लेकर सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद

अंबिकापुर। देश की राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मु जनजातीय गौरव दिवस 2025 के उपलक्ष्य में जिले में आज 20 नवम्बर को आयोजित कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगी। कार्यक्रम का आयोजन पीजी कॉलेज ग्राउंड में किया जाएगा। कार्यक्रम की अध्यक्षता छत्तीसगढ़ के राज्यपाल रमेन डेका करेंगे। कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, मंत्री जनजातीय कार्य मंत्रालय भारत सरकार जुएल ओराम, राज्यमंत्री जनजातीय कार्य मंत्रालय भारत सरकार दुर्गा दास उइके, राज्यमंत्री आवास एवं शहरी मंत्रालय भारत सरकार तोखन साहू होंगे।


राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मु मुख्यमंत्री जनजातीय ग्राम अखरा विकास योजना का शुभारंभ करेंगी। कार्यक्रम में जनजातीय प्रमुखों का भी सम्मान किया जाएगा। कार्यक्रम स्थल पर जनजातीय विकास प्रदर्शनी एवं क्राफ्ट मेला लगाया जाएगा। इस दौरान जनजातीय विद्रोहों के नायकों एवं स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के परिवार के सदस्यों का सम्मान भी किया जाएगा। कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ के उपमुख्यमंत्री अरूण साव एवं विजय शर्मा, आदिम जाति विकास विभाग कृषि विकास एवं किसान कल्याण विभाग मंत्री रामविचार नेताम, वित्त वाणिज्यिक कर विभाग मंत्री एवं प्रभारी मंत्री जिला सरगुजा ओम प्रकाश चौधरी, पर्यटन संस्कृति एवं धर्मस्व विभाग मंत्री राजेश अग्रवाल, लोकसभा क्षेत्र सरगुजा सांसद चिंतामणी महाराज, महापौर नगर पालिक निगम मंजूषा भगत उपस्थित रहेंगे।

सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद, सभी तैयारियां पूर्ण
राष्ट्रपति श्रीमती मुर्मु के एक दिवसीय जिला प्रवास को देखते हुए, जिला एवं पुलिस प्रशासन ने सभी तैयारियां पूर्ण कर ली है। सुरक्षा व्यवस्थाओं को पूरी तरह चाक-चौबंद कर दिया गया है। कार्यक्रम को सफल और सुरक्षित बनाने के लिए लगभग 2000 से अधिक पुलिस जवानों की तैनाती की गई है, जो पूरे शहर और कार्यक्रम स्थलों पर सुरक्षा की कमान संभालेंगे। पुलिस प्रशासन द्वारा कार्यक्रम स्थल, मार्गों और शहर के प्रमुख स्थलों पर चरणबद्ध सुरक्षा घेरा तैयार किया गया है। राष्ट्रपति के काफिले के रूट पर विशेष टीमों की तैनाती, बैरिकेडिंग और रिहर्सल पूरी कर ली गई है। हाईवे और शहर के मुख्य चौराहों पर अतिरिक्त पुलिस फोर्स, ट्रैफिक पुलिस और आईटी सेल के जवान तैनात किए गए हैं। भीड़ प्रबंधन के लिए महिला एवं पुरुष पुलिस बल की विशेष तैनाती की गई है। पार्किंग स्थानों और प्रवेश, निकास द्वारों पर कड़ी जांच की व्यवस्था की गई है। पुलिस महानिरीक्षक दीपक कुमार झा व वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक राजेश अग्रवाल ने सभी अधिकारियों एवं जवानों को अलर्ट मोड में रहने के निर्देश दिए हैं। राष्ट्रपति दौरे के दौरान आम जनता को असुविधा न हो, इसके लिए सरगुजा पुलिस ने 20 नवंबर को लागू होने वाली ट्रैफिक डायवर्सन एडवाइजरी जारी की है। इसके अंतर्गत राष्ट्रपति के काफिले के रूट पर निर्धारित समय में आम वाहनों का प्रवेश पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा।मुख्य मार्गों से शहर में आने-जाने वाले वाहनों को वैकल्पिक मार्गों से डायवर्ट किया जाएगा। कुछ प्रमुख चौराहों जैसे गांधी चौक, आकाशवाणी चौक, अंबेडकर चौक, घड़ी चौक पर अस्थायी बैरिकेडिंग की जाएगी। भारी वाहनों के शहर में प्रवेश पर अस्थायी रोक रहेगी। आम नागरिकों से डायवर्सन मार्गों का उपयोग कर अनावश्यक भीड़भाड़ नहीं करने और पुलिस कर्मचारियों का सहयोग करने का आग्रह किया गया है।

छत्तीसगढ़ शासन के मंत्रियों ने लिया तैयारियों का जायजा

कार्यक्रम की अंतिम तैयारियों का जायजा लेने बुधवार को राज्यमंत्री जनजातीय कार्य मंत्रालय भारत सरकार दुर्गा दास उइके, राज्य सरकार के आदिमजाति विकास मंत्री रामविचार नेताम, वित्त मंत्री ओपी चौधरी, वन मंत्री केदार कश्यप, पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री पीजी कॉलेज ग्राउंड पहुंचे। उन्होंने मंच व्यवस्था, अतिथियों एवं आम जनों हेतु बैठक व्यवस्था, सुरक्षा व्यवस्था, स्टॉल, शिल्पग्राम सहित अन्य व्यवस्थाओं का जायजा लिया। यातायात नियंत्रण, पार्किंग, वीआईपी मूवमेंट, मीडिया प्रबंधन, विद्युत, पेयजल, स्वच्छता, चिकित्सा एवं आपात सेवाओं से संबंधित व्यवस्थाओं की जानकारी ली। सभी ने शिल्प ग्राम में जनजातीय शिल्प कला, परम्परागत जड़ी-बूटियों से इलाज, हथकरघा से बनी साड़ी और कपड़े सहित बांसकला से बनी कलात्मक वस्तुओं का अवलोकन करके तारीफ की। सभी मंत्रियों ने आस-पास से आए जनजातीय शिल्पकारों, एयर कलाकारों से भी मुलाकात की।
उड़ान भरते हेलीकाप्टर को कौतूहल भरी नजरों से देखते रहे लोग

 

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु के आगमन को लेकर बीते दिनों से ही शहर का माहौल बदला हुआ है। जहां एक ओर तैयारियों का मॉक ड्रिल करने के दौरान राष्ट्रपति के मौजूदगी में मुख्य समारोह 20 नवम्बर के लिए सुनिश्चित की व्यवस्थाओं का परीक्षण किया गया, वहीं शहर में आसमानी उड़ान भरते और उतरते हेलीकाप्टरों को लेकर कौतूहल बना रहा। शहर के लोग अपने घर की छतों, खुले मैदान में खड़े होकर काफी नीचे तक आना-जाना कर रहे हेलीकाप्टरों को निहारते रहे। बच्चे हेलीकाप्टर को देखकर हाथ हिलाकर इसमें सवार लोगों का अभिवादन करते दिख रहे थे। वहीं मुख्य कार्यक्रम स्थल में की जा रही तैयारियों को देखकर लोगों के बरबस कदम ठिठक जा रहे थे।  

Categorized in: