बिलासपुर में घटना के बाद लग्जरी वाहन से उत्तर प्रदेश भाग रहे थे

अंबिकापुर। बिलासपुर सहित अन्य बड़े शहरों में एटीएम मशीन की टेम्परिंग कर रुपये निकाल कर महेन्द्रा थार वाहन से भाग रहे तीन आरोपियों को सरगुजा पुलिस ने गिरफ्त में लिया। हालांकि आरोपियों ने सरगुजा में टेंपरिंग घटना को अंजाम नहीं दिया है। पुलिस ने इनके कब्जे से एक देशी कट्टा,  जिन्दा कारतूस, 77 हजार रुपये नकद सहित अन्य हथियार व सामान बरामद किए हंै। पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ 25, 27 आर्म्स एक्ट की कार्रवाई की और इन्हें जेल भेज दिया है।

सरगुजा पुलिस को शुक्रवार की देर रात को मुखबिर से सूचना मिली की महेन्द्रा थार में सवार कुछ लोग बिलासपुर, नागपुर सहित अन्य शहरों से एटीएम मशीन की टेम्परिंग कर रुपये निकाल कर भाग रहे हैं। सूचना पर पुलिस ने मणिपुर क्षेत्र में प्वाइंट लगाकर संदिग्ध महेन्द्रा थार वाहन को रोका। वाहन में तीन युवक सवार थे। पुलिस ने इनके कब्जे से 77 हजार रुपये नकद सहित देशी कट्टा, जिन्दा कारतूस, दो चाकू, 17 नग एटीएम कार्ड, तीन मोबाइल फोन, दो पेन कार्ड, आधार कार्ड जब्त किया। पुलिस ने तीनों से सख्ती से पूछताछ की तो आरोपियों ने बिलासपुर, नागपुर, जबलपुर सहित अन्य जगहों पर एटीएम मशीन की टेंपरिंग कर अंबिकापुर के रास्ते उत्तर प्रदेश भागने की बात स्वीकारी। पुलिस ने आरोपी साहिल खान पिता नजमे सहन 21 वर्ष, निषाद अहमद पिता सगीर अहमद 29 वर्ष व मोहम्मद अतहर पिता नसीमउल्लाह 29 वर्ष निवासी प्रतापगढ़ उत्तर प्रदेश को गिरफ्तार किया है। सीएसपी स्मृतिक राजनाला ने बताया कि इन आरोपियों ने सरगुजा में एक भी एटीएम टेम्परिंग की घटना को अंजाम नहीं दिया है। तीनों बिलासपुर व अन्य शहरों में एटीएम टेम्परिंग की घटना को अंजाम देकर अंबिकापुर के रास्ते उत्तर प्रदेश भाग रहे थे। पुलिस ने इनके खिलाफ 25, 27 आर्म्स एक्ट के तहत कार्रवाई की है। सरगुजा पुलिस ने आरोपियों के संबंध में बिलासपुर पुलिस को भी जानकारी दे दी है।

Categorized in: