जनपद उपाध्यक्ष के नेतृत्व में पहुंचे बिजली दफ्तर
भैयाथान। जनपद पंचायत भैयाथान के मुख्यालय में स्थित ग्राम हर्रापारा के ग्रामीणों का बढ़े बिजली के दाम ने होश उड़ा दिया। ग्रामीण जनपद उपाध्यक्ष राजीव प्रताप सिंह के समक्ष बिल कम कराने की गुहार लगाने पहुंचे, जिस पर वे स्थानीय बिजली विभाग के कार्यालय पहुंचे और एई विवेक पैकरा से चर्चा किए।
ग्राम हर्रापारा के रामकरण, श्याम कुशवाहा, रघुवर चक्रधारी, प्रदीप केवट, कृष्णा नाविक, कुंदन केवट, मिथुन चक्रधारी, राम मनोरथ, जय राम कुशवाहा सहित अन्य के घर में हाल ही में स्मार्ट मीटर लगा था। हितग्राही श्याम कुशवाहा का बिजली बिल 250 रुपये आता था, स्मार्ट मीटर लगने के बाद बिल 18 हजार रुपये आया है। कई ग्रामीणों के बिजली बिल में भारी बढ़ोतरी हुई है। भारी भरकम बिजली बिल देखकर ग्रामीणों के होश फाख्ता हो गए और सभी भैयाथान क्षेत्र के जनपद पंचायत उपाध्यक्ष राजीव प्रताप सिंह के समक्ष अपनी परेशानी बताने पहुंचे थे। वे ग्रामीणों के साथ भैयाथान करकोटी स्थित बिजली ऑफिस जाकर एई विवेक पैकरा से चर्चा किए, जिस पर उन्होंने आश्वस्त किया है कि रीडिंग की जांच कराई जाएगी।
मीटर में तकनीकी खामी का अंदेशा
स्मार्ट मीटर लगने के बाद जिस हिसाब से ग्रामीणों का बिजली बिल आया है, उससे ऐसा लगता है कि मीटर में ही कुछ तकनीकी खामी है। ग्रामीणों को पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार में बिजली बिल हॉफ योजना का लाभ मिलता था, सरकार के बदलने के बाद भाजपा की सरकार में बढ़े बिजली के बिल ने लोगों के होश उड़ा दिए हैं।

Categorized in: