रेलवे स्टेशन में स्टेबलिंग लाइन की सुविधा एवं अतिरिक्त प्लेटफार्म का निर्माण कराने क्षेत्रीय रेल उपयोगकर्ता परामर्शदात्री समिति के सदस्य ने महाप्रबंधक दपूमरे को लिखा पत्र

अंबिकापुर। रेलवे स्टेशन में स्टेबलिंग लाइन की सुविधा एवं अतिरिक्त प्लेटफार्म के अविलंब निर्माण की ओर महाप्रबंधक दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे बिलासपुर जोन को क्षेत्रीय रेल उपयोगकर्ता परामर्शदात्री समिति के सदस्य मुकेश तिवारी ने पत्र के माध्यम से ध्यानाकर्षण कराया है। इसमें उल्लेख किया गया है कि अंबिकापुर रेलवे स्टेशन इस रूट का आखिरी स्टेशन है, जो आमदरफ्त, यात्रियों की संख्या, यात्री गाड़ी, माल गाडिय़ों की संख्या एवं उनकी आवाजाही के लिहाज से बड़ा एवं व्यस्त है, किन्तु यहां पर मात्र एक प्लेटफार्म होने से काफी परेशानियां हो रही हंै।
उन्होंने बताया है कि एक ही प्लेटफार्म होने के कारण यदि कोई गाड़ी प्लेटफार्म पर खड़ी हो तो पीछे से आने वाली किसी भी यात्री गाड़ी को कमलपुर, बिश्रामपुर करंजी या अन्य किसी स्टेशन में अनावश्यक रूप से घंटों खड़ा होना पड़ता है, जो यात्रियों के लिए एक बड़ी परेशानी है। अतिरिक्त प्लेटफार्म की अनुपलब्धता के कारण निजामुद्दीन से अंबिकापुर की यात्री गाड़ी एवं जबलपुर से अंबिकापुर की यात्री गाड़ी दोनों लगभग हर बार दो से तीन घंटे विलंब से अंबिकापुर पहुंचती है। ज्ञातव्य है कि हजरत निजामुद्दीन से अंबिकापुर आने वाली यात्री गाड़ी के यहां पहुंचने का समय संध्या सात बजे है, किंतु यह ट्रेन रात 10 बजे के बाद यहां पहुंचती है। 22 घंटे की लंबी दूरी तय करने के बाद शहर से मात्र 15-20 किलोमीटर दूर रहकर भी अनावश्यक घंटों का विलंब यात्रियों के लिए असहनीय एवं तकलीफदेह है। जबलपुर से अंबिकापुर की यात्री ट्रेन के पहुंचने का समय रात्रि 11 बजे है। इस ट्रेन से अकेली लड़कियां, महिलाएं भी यात्रा करती हैं, यदि ट्रेन लेट हो जाए तो ऑटो इत्यादि की अनुपलब्धता से घर पहुंचने तक वे स्वयं एवं इनके स्वजन आशंकाग्रस्त एवं चिंतित रहते हैं। अतिरिक्त प्लेटफार्म उपलब्ध नहीं होने से एक ही प्लेटफार्म पर ज्यादा भार पड़ रहा है। स्टेबलिंग लाइन नहीं होने से व्यवहारिक रूप से नई ट्रेन की शुरुआत करने के लिए यह सबसे बड़ी बाधा है। उन्होंने द्रुत गति से अतिरिक्त प्लेटफार्म निर्माण कर प्लेटफार्म की संख्या बढ़ाने एवं स्टेबलिंग लाइन की सुविधा उपलब्ध कराने का आग्रह किया है।

अंबिकापुर रेलवे स्टेशन से मनेंद्रगढ़ रोड तक चौड़ीकरण आवश्यक
अंबिकापुर रेलवे स्टेशन में अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत सौंदर्यकरण और यात्री सुविधा विस्तार का काम चल रहा है। वॉशिंग पीट निर्माण कार्य जल्द ही प्रारंभ होने वाला है। निकट भविष्य में अतिरिक्त प्लेटफार्म व स्टेबलिंग लाइन निर्माण के बाद इस रेलवे स्टेशन की कनेक्टिविटी अन्य प्रांतों तक संभावित है। इसे देखते हुए दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे, बिलासपुर के क्षेत्रीय रेल उपयोगकर्ता परामर्शदात्री समिति के सदस्य मुकेश तिवारी ने सरगुजा कलेक्टर को पत्र प्रेषित करके यात्री केंद्रित सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए रेलवे स्टेशन से मुख्य मार्ग मनेंद्रगढ़ रोड तक की सड़क के बीच में डिवाइडर लगाकर इसे टू लेन मार्ग करने की ओर ध्यानाकर्षण कराया है, ताकि दोनों ओर से निर्बाध आवागमन हो सके। उन्होंने पत्र में उल्लेख किया है कि यात्री गाडिय़ों की संख्या में वृद्धि की संभावना को दृष्टिगत रखते हुए, नई सुविधाओं की शुरुआत के साथ ही पुरानी सुविधाओं को अपग्रेड रेलवे के द्वारा किया जा रहा है। रेलवे परिक्षेत्र में मार्ग का चौड़ीकरण कार्य भी रेलवे द्वारा किया जा रहा है। रेलवे परिक्षेत्र के बाहर से मनेंद्रगढ़ रोड तक का रास्ता व्यस्ततम मार्ग है, ट्रेन आने पर अक्सर जाम की स्थिति निर्मित होती है और आवागमन में व्यवधान होता है। इसे देखते हुए रेलवे स्टेशन से मनेंद्रगढ़ रोड तक की सड़क में डिवाइडर लगाकर रोड चौड़ीकरण किया जाना आवश्यक है। इसके लिए आवश्यक दिशानिर्देश देने का आग्रह किया गया है।

Categorized in: