उदयपुर। सरगुजा जिले के उदयपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम बिशुनपुर के पास मंगलवार की सुबह हुए दर्दनाक सड़क हादसे में स्वराज माजदा के चालक की मौके पर ही मौत हो गई। बिलासपुर से अंबिकापुर की ओर जा रही मछली लोड स्वराज माजदा का डीजल खत्म हो गया था और वह सड़क के किनारे खड़ी थी। इसी दौरान विपरीत दिशा से आ रही नवीन बस सर्विस की तेज रफ्तार यात्री बस ने पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि स्वराज माजदा वाहन के परखच्चे उड़ गए। चालक को सिर व सीने में गंभीर चोट आई थी, जिस कारण उसकी मौके पर ही मौत हो गई। टक्कर के बाद बस करीब 100 मीटर दूर जाकर रुकी। हादसे के समय चालक पम्प मार रहा था और खलासी टॉर्च दिखा रहा था। टक्कर के झटके से खलासी दूर जाकर गिरा, लेकिन उसे गंभीर चोट नहीं आई है। घटना की सूचना मिलते ही उदयपुर थाना प्रभारी शिशिर कांत सिंह के साथ प्रधान आरक्षक संजय नागेश एवं 112 टीम के जवान जगजीवन बेक मौके पर पहुंचे। घटना की सूचना मिलने पर स्वराज माजदा के मृत चालक के स्वजन उदयपुर पहुंचे। इसके पहले पुलिस ने मृतक के शव का सीएचसी उदयपुर के मर्च्युरी मेंं रखवाया था। दोपहर लगभग 12 बजे पोस्टमार्टम के बाद शव को स्वजनों को सौंप दिया गया है।
मछली लूटने की मची होड़
हादसे के बाद वाहन में लदी मछलियों को ग्रामीणों ने लूटना शुरू कर दिया, जिससे मौके पर अफरा-तफरी की स्थिति बन गई। पुलिस के आने के बाद ग्रामीणों को दुर्घटनाग्रस्त ट्रक से दूर किया गया। पुलिस की प्रारंभिक जांच में बस चालक की लापरवाही सामने आई है। पुलिस अग्रिम वैधानिक कार्रवाई कर रही है।

Categorized in: