पण्डो समाज के प्रदेशाध्यक्ष ने रुपये वापस दिलाने, चिकित्सक पर कार्रवाई व आयुष्मान से नि:शुल्क इलाज की सुविधा देने की मांग

girija thakur

अंबिकापुर। सरकार बदल गई, प्रशासन अलर्ट मोड पर आ गया लेकिन स्वास्थ्य महकमे की कारगुजारी में बदलाव नहीं आ पाया है। मरीजों के लिए भगवान माने जाने कुछ चिकित्सकों के कारण सरगुजा संभाग में स्वास्थ्य महकमा सुर्खियों में रहता है। बुधवार को कुछ ऐसा ही एक मामला कोरिया जिले के बैकुंठपुर जिला अस्पताल का सामने आया है। यहां पैर का ऑपरेशन करने के लिए आर्थो विभाग के चिकित्सक ने गरीब स्वजन की स्थिति को नजरअंदाज कर दिया। पण्डो मरीज से रुपये की मांग करते रहे। रुपये मिलने के बाद ही पीड़ित को ऑपरेशन के लिए ऑपरेशन कक्ष में ले जाया गया। इसकी शिकायत संभागीय संयुक्त संचालक स्वास्थ्य सेवाएं, सरगुजा से प्रदेश अध्यक्ष उदय पण्डो ने की है और संबंधित चिकित्सक से रुपये वापस कराने तथा आयुष्मान कार्ड से नि:शुल्क इलाज की सुविधा देने का आग्रह करते हुए आवश्यक कार्रवाई की मांग की है।

जानकारी के मुताबिक कोरिया जिला के विकासखंड सोनहत के ग्राम रावत सरई निवासी पिंकू पण्डो पिता ब्रज कुमार पण्डो के दाहिने जांघ की हड्डी टूट गई थी। स्वजन इसे जिला अस्पताल बैकुंठपुर लेकर पहुंचे, यहां जांच के बाद उसे भर्ती कर लिया गया था। मरीज अस्पताल के आर्थो वार्ड बेड नंबर-21 में 15 दिसंबर 2023 से ही भर्ती है। इसका उपचार कर रहे हड्डी रोग डॉक्टर राजेन्द्र बनसरिया ने पण्डो परिवार के स्वजन को बताया कि ऑपरेशन करना पड़ेगा, 18 हजार रुपये रॉड में लगेगा। पण्डो मरीज के स्वजन ने आयुष्मान कार्ड अस्पताल में जमा किया है, इसके बाद भी रुपये की मांग के आगे गरीब परिवार घुटने टेकने की स्थिति में आ गया। विशेष पिछड़ी जनजाति पण्डो मरीज के स्वजन ने आपरेशन के लिए रुपये की व्यवस्था कर पाने में असमर्थता जताई। इसके बाद भी डॉ. राजेन्द्र बनसरिया ने छह हजार रुपये ऑपरेशन से पहले जमा करने और शेष रकम ऑपरेशन के बाद जमा करने कहा गया। उन्होंने कहा कि 18 हजार रुपये नहीं दे पाएंगे तो 12 हजार रुपये देना ही पड़ेगा। इसके अलावा निश्चेतना विभाग के चिकित्सक को अलग से तीन हजार रुपये देने की बात कही गई। ऐसे हालात के बीच गरीब पण्डो परिवार के पास धान का खेती सहित जमीन को गिरवी रखने के अलावा कोई रास्ता शेष नहीं रह गया है। मरीज के स्वजन ने रुपये की व्यवस्था के लिए हाथ-पांव मारना शुरू किया और ऑपरेशन के लिए रुपये व्यवस्था करने का मामला पण्डो समाज के पदाधिकारियों तक पहुंचा।

ऑपरेशन करने तैयार नहीं थे चिकित्सक
मरीज के पिता ब्रज कुमार पण्डो ने बताया कि 20 दिसंबर, बुधवार को पांच हजार रुपये लेने के बाद ही ऑपरेशन के लिए पिंकू पण्डो को ऑपरेशन कक्ष में शिफ्ट किया गया, बाकी रुपये छुट्टी के समय जमा करने के लिए कहा गया है। स्वजन बताते हैं कि बिना रुपये जमा किए मरीज को ऑपरेशन के लिए कोई ले जाने तैयार नहीं थे। ऐसे में रुपये की व्यवस्था करके उन्हें देना पड़ा। प्रदेश अध्यक्ष उदय पण्डो ने संभागीय संयुक्त संचालक स्वास्थ्य सेवाएं, सरगुजा संभाग से रुपये वापस कराने और दोषी चिकित्सक के विरुद्ध कानूनी कार्रवाई की मांग की है।

Categorized in: