बैंक खाते में हर महीने मुख्यमंत्री विष्णु भैया भेजते हैं रुपये, मिलती है बड़ी मदद
7वीं किश्त में जिले की 2,32,840 महिलाओं के खाते में 21.48 करोड़ रुपये अंतरित
अंबिकापुर। ग्राम पंचायत मलगवां खुर्द के ग्राम रामनगर की संगीता पहाड़ी कोरवा जनजाति से आती हैं। ये गांव भी पहाड़ी कोरवा बहुल बसाहट है। संगीता प्रदेश के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय को स्नेहपूर्वक विष्णु भईया कहती हैं और बताती हैं कि हर महीने एक हजार रुपये मुख्यमंत्री बैंक खाते में भेजते हैं। जबसे वे मुख्यमंत्री बने हैं, तब से महतारी वंदन योजना के तहत महिलाओं को यह राशि मिल रही है। इन पैसों से काफी मदद मिल जाती है। इन रुपयों को घर के छोटे-मोटे खर्चे, बच्चों के पढ़ाई से जुड़े सामग्री में वह खर्च करती हैं। उन्होंने मुख्यमंत्री का बहुत-बहुत धन्यवाद ज्ञापित किया। वे कहती हैं कि हमारे विष्णु भईया हर महीना हमारे खाते में एक हजार डालते हैं, इस योजना से वे बहुत खुश हैं। इसी तरह ग्राम रामनगर (बरपारा) की गुलाबी भी महतारी वंदन योजना की हितग्राही हैं। वे कहती हैं कि महतारी वंदन योजना के अंतर्गत हर महीना एक हजार रुपये की राशि सीधे खाते में मिल जाती हैं। इस पैसे से घरेलू खर्चे में काफी मदद हो जाती है और हाथ में पैसा हो तो खुद में भी आत्मविश्वास रहता है।
उल्लेखनीय है कि मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने 2 सितंबर को महतारी वंदन योजना के सातवीं किस्त की राशि के रूप में 01-01 हजार रुपये डीबीटी के माध्यम से महिलाओं के खाते में अंतरित किया है। सरगुजा जिले में 7वीं किश्त में जिले की 2,32,840 महिलाओं के खाते में 21.48 करोड़ रुपये अंतरित किए गए हैं। प्रदेश में महिलाओं के आर्थिक स्वावलंबन तथा उनके स्वास्थ्य एवं पोषण स्तर में सतत सुधार तथा परिवार में उनकी निर्णायक भूमिका सुदृढ़ करने के लिए समाज में महिलाओं के प्रति भेदभाव, असमानता एवं जागरूकता की कमी को दूर करने, स्वास्थ्य एवं पोषण स्तर में सुधार करने तथा आर्थिक स्वावलंबन एवं सशक्तिकरण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से महतारी वंदन योजना लागू किए जाने का निर्णय लिया गया। इसके अंतर्गत राज्य की विवाहित, विधवा, परित्यक्ता और तलाकशुदा जिनकी उम्र 21 वर्ष से अधिक हो, ऐसी महिलाओं को प्रतिमाह 1000 रुपये की वित्तीय सहायता प्रदान की जाती है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा 10 मार्च 2024 को महतारी वंदन योजना की शुरुआत की गई थी। प्रधानमंत्री ने बटन दबाकर प्रथम किश्त की राशि जारी की थी। योजना के तहत पहले चरण में करीब 70 लाख से अधिक महिलाओं को लाभार्थी के तौर पर चुना गया है, जिनके बैंक खाते में योजना की 7वीं किस्त ट्रांसफर कर दी गई है। योजना के अंतर्गत खाते में आने वाली राशि का महिलाओं को इंतजार रहता है।

Categorized in: